विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 16, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

फिर नई मुसीबत में कन्‍हैया: AIIMS के बाद अब पूजा पंडाल में मारपीट, खूब चले लाठी-डंडे

By Amit AlokEdited By:
Published: Tue, 16 Oct 2018 10:18 PM (GMT+05:30)Updated: Wed, 17 Oct 2018 10:03 AM (GMT+05:30)

जवाहरलाल नेहरू विवि छात्रसंघ के पूर्व अध्‍यक्ष कन्‍हैया कुमार पर बेगूसराय में दुर्गा पूजा समिति के कार्यकर्ताओं से मारपीट का आरोप लगा है। पूरा मामला जानिए इस खबर में।

फिर नई मुसीबत में कन्‍हैया: AIIMS के बाद अब पूजा पंडाल में मारपीट, खूब चले लाठी-डंडे
फिर नई मुसीबत में कन्‍हैया: AIIMS के बाद अब पूजा पंडाल में मारपीट, खूब चले लाठी-डंडे

बेगूसराय [जेएनएन]। पटना में ऑल इंडिया इंस्‍टीच्‍यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एम्‍स) में मारपीट की एफआइआर के बाद जवाहरलाल नेहरू विवि छात्र संघ के पूर्व अध्‍यक्ष कन्‍हैया कुमार फिर नई मुसीबत में हैं। ताजा मामला बेगूसराय के भगवानपुर बाजार स्थित दुर्गा मंदिर के समीप दुर्गा पूजा समिति के सदस्‍यों से मारपीट का है।

मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की देर शाम जेएनयू छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार के समर्थकों एवं स्थानीय पूजा समिति के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर मारपीट हुई। मारपीट में पूजा समिति के दो कार्यकर्ताओं के सिर फट गए। उग्र लोगों ने कन्हैया के काफिले में शामिल आधा दर्जन वाहनों के शीशे तोड़ दिए। दोनों ओर से अलग-अलग थानों में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

दुर्गा पूजा समिति सदस्‍यों से मारपीट

कन्हैया की मंसूरचक में सभा थी। वे वाहनों के काफिले के साथ सभा कर अपने गांव बीहट लौट रहे थे। रास्ते में भगवानपुर बाजार स्थित बाइक शोरूम के प्रथम तल पर संचालित एक निजी कोचिंग संस्थान के संचालक से मिलने के लिए कन्हैया रुक गए। उनके काफिले की सारी गाडिय़ां सड़क पर रुक गईं। इससे जाम लग गया।

इसपर बगल में सजे दुर्गा पूजा पंडाल समिति के कार्यकर्ताओं ने गाडिय़ों को साइड करने को कहा। इसी पर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। देखते-देखते मारपीट शुरू हो गई।

जमकर चले लाठी-डंडे, दो के सिर फटे

कन्हैया के समर्थकों ने गाड़ी में मौजूद लाठी-डंडों से पूजा समिति के कार्यकर्ताओं पर हमला बोल दिया। पूजा समिति के सदस्य दहिया निवासी सानू कुमार भारद्वाज एवं एक अन्य कार्यकर्ता के सिर फट गए। आधा दर्जन अन्य कार्यकर्ताओं को भी चोटें आईं। यह देख लोगों का आक्रोश फूट पड़ा और उन्होंने आधा दर्जन वाहन क्षतिग्रस्त कर दिए। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर लाठियां चलीं।

दोनों तरफ से प्राथमिकियां दर्ज

कन्हैया व उनके समर्थक बवाल बढ़ते देख वहां से निकल बरौनी थाने जा पहुंचे। भगवानपुर थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि घायल पूजा समिति के कार्यकर्ताओं का उपचार कराया जा रहा है। घायलों के आवेदन पर कन्हैया और उनके समर्थकों पर  प्राथमिकी दर्ज की गई है। दूसरी ओर, बरौनी थाना अध्यक्ष गजेंद्र सिंह ने बताया कि कन्हैया ने भी जानलेवा हमले की शिकायत दर्ज कराई है।