18 अक्टूबर से शुरू होगा सिमरिया कल्पवास मेला, सुरक्षा से लेकर सफाई तक का डीएम-एसपी ने लिया जायजा
राजकीय सिमरिया कल्पवास मेला 18 अक्टूबर से 24 नवंबर तक चलेगा, जिसकी तैयारियों का डीएम और एसपी ने जायजा लिया। ...और पढ़ें

सिमरिया कल्पवास मेला की तैयारी का जायजा लेने पहुंचे डीएम रिची पांडेय, एसपी मनीष, एडीएम ब्रजकिशोर चौधरी, सदर एसडीओ अश्विनी कुमार सहित अन्य पदाधिकारी। जागरण
HighLights
सिमरिया कल्पवास मेला 18 अक्टूबर से 24 नवंबर तक चलेगा।
डीएम-एसपी ने तैयारियों का जायजा लिया, सुरक्षा पर जोर।
150 से अधिक पुलिसकर्मी तीन शिफ्टों में तैनात रहेंगे।
संवाद सूत्र, बीहट (बेगूसराय)। राजकीय सिमरिया कल्पवास मेला 18 अक्टूबर से शुरू होकर 24 नवंबर तक चलेगा। मेले में लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
बुधवार को डीएम रिची पांडेय और एसपी मनीष कुमार ने कल्पवास मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
इस दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों से सुरक्षा, प्रकाश, पेयजल, शौचालय, पार्किंग और साफ-सफाई की व्यवस्था की जानकारी ली।
दो दिनों में बहाल होगी रोशनी की व्यवस्था
डीएम ने कहा कि मेला क्षेत्र में दो दिनों के भीतर प्रकाश की समुचित व्यवस्था बहाल कर दी जाएगी। शौचालय और चापाकल लगाने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और सभी आवश्यक कार्य समय पर पूरे कर लिए जाएंगे। गंगा तट और अन्य खतरनाक रास्तों पर बैरिकेडिंग कराने का निर्देश भी दिया गया।
तीन शिफ्ट में तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी
एसपी मनीष कुमार ने बताया कि कल्पवास मेला क्षेत्र में 150 से अधिक पुलिसकर्मियों की तीन शिफ्ट में तैनाती की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सजग है।
मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखने के साथ अन्य सुरक्षा इंतजाम भी किए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान एडीएम ब्रजकिशोर चौधरी, सदर एसडीओ अश्विनी कुमार, सदर डीएसपी-2 कुमारी दुर्गा शक्ति, बरौनी बीडीओ अनुरंजन कुमार, ट्रैफिक डीएसपी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
