विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेगूसराय में 256 करोड़ के एलिवेटेड फ्लाईओवर का 96% पूरा, 4.2 किमी लंबे मार्ग की DM ने तय की डेडलाइन

Published: Wed, 14 Oct 2026 08:12 PM (IST)

बेगूसराय में जिला पदाधिकारी रिची पांडेय ने विकास योजनाओं की समीक्षा की और एनएच-31 पर निर्माणाधीन एलिवेटेड फ्लाईओवर को नवंबर 2026 तक पूरा करने का निर्देश दिया।

नवंबर तक फ्लाईओवर का काम पूरा करने का निर्देश। सांकेत‍िक तस्‍वीर

नवंबर तक फ्लाईओवर का काम पूरा करने का निर्देश। सांकेत‍िक तस्‍वीर

HighLights

  1. एनएच-31 फ्लाईओवर नवंबर 2026 तक पूरा करने का निर्देश।

  2. लापरवाह संवेदकों पर कार्रवाई, एकरारनामा रद्द करने की चेतावनी।

  3. मेडिकल कॉलेज, सिमरिया घाट विकास में तेजी लाने पर जोर।

जागरण संवाददाता, बेगूसराय। जिले में विकास योजनाओं के निर्माण में देरी और कार्यों की गुणवत्ता में लापरवाही बरतने वाले संवेदकों पर कार्रवाई की जाएगी।

बुधवार को समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में जिला पदाधिकारी रिची पांडेय ने तकनीकी विभागों, नीति आयोग के आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम और सीएसआर मद से संचालित योजनाओं की समीक्षा की।

इस दौरान उन्होंने बेगूसराय शहर में एनएच-31 पर निर्माणाधीन चार लेन एलिवेटेड फ्लाईओवर को नवंबर 2026 तक हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया।

डीएम ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समयसीमा में काम पूरा नहीं करने वाले संवेदकों के विरुद्ध एकरारनामा रद करने, सुरक्षा राशि जब्त करने और काली सूची में डालने जैसी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, शहरी विकास, ऊर्जा, सिंचाई, औद्योगिक विकास सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा की गई।

फ्लाईओवर और मेडिकल काॅलेज के निर्माण में तेजी लाने का निर्देश

बेगूसराय शहर में एनएच-31 पर लगभग 255.99 करोड़ रुपये की लागत से 4.225 किलोमीटर लंबे चार लेन एलिवेटेड फ्लाईओवर का निर्माण कराया जा रहा है।

इसकी भौतिक प्रगति 96.53 प्रतिशत है। डीएम ने शेष कार्यों को तेजी से पूरा कर नवंबर तक परियोजना पूर्ण करने का निर्देश दिया।

औंटा-सिमरिया के बीच गंगा नदी पर 1,161 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित छह लेन पुल एवं पहुंच पथ का निर्माण पूरा होने की जानकारी भी दी गई।

लगभग 515 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, असुरारी की भौतिक प्रगति 63 प्रतिशत बताई गई।

डीएम ने अस्पताल भवन, शैक्षणिक भवन, छात्र-छात्राओं के छात्रावास तथा आवासीय परिसर के निर्माण में तेजी लाने का निर्देश दिया।

राजकीय आयुर्वेद कालेज एवं अस्पताल, भर्रा की निर्माण प्रक्रिया में तेजी लाने के साथ नर्सिंग एवं पैरामेडिकल संस्थानों में जलजमाव और पहुंच पथ की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने को कहा गया।

कल्पवास मेले से पहले सिमरिया घाट के कार्य पूरे करने पर जोर

सिमरिया घाट रिवरफ्रंट एवं कल्पवास मेला क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि दूसरे चरण की योजना में लगभग 62 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।

डीएम ने घाट की सीढ़ियों, आधुनिक शौचालय परिसर, दुकान समूह, मनोरंजन क्षेत्र और कैफेटेरिया के निर्माण में तेजी लाने का निर्देश दिया।

नगर निगम बेगूसराय तथा बीहट, तेघड़ा, बखरी और बरौनी के शहरी क्षेत्रों में जलापूर्ति, सड़क, नाला, पार्क एवं तालाब सौंदर्यीकरण की योजनाओं को भी निर्धारित समय सीमा में पूरा करने को कहा गया।

भूमि विवाद दूर कर शुरू कराएं निर्माण कार्य

ग्रामीण कार्य विभाग की योजनाओं, मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना और मुख्यमंत्री ग्रामीण सेतु योजना की समीक्षा करते हुए डीएम ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने को कहा।

जहां भूमि विवाद के कारण काम बाधित है, वहां संबंधित कार्यपालक अभियंता अंचलाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर भूमि की मापी और अन्य प्रक्रियाएं पूरी कराएं।

छौड़ाही थाना के सीमांकन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने तथा साइबर थाना और गढ़हरा थाना के निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि चिह्नित करने का निर्देश भी दिया गया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन, जिला योजना पदाधिकारी, भू-अर्जन पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और कार्यपालक अभियंता उपस्थित थे।