60 हजार करोड़ की रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेस-वे: 719 KM मार्ग से शाम्हो को मिलेगा बेगूसराय का सीधा सड़क संपर्क
रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेस-वे परियोजना के तहत गंगा नदी पर प्रस्तावित पुल और अलग एप्रोच सड़क से शाम्हो को बेगूसराय जिला मुख्यालय ...और पढ़ें

दियारा क्षेत्र के लोगों के लिए खुशखबरी।
HighLights
शाम्हो को बेगूसराय जिला मुख्यालय से मिलेगा सीधा सड़क संपर्क।
रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेस-वे के तहत गंगा नदी पर बनेगा नया पुल।
60 हजार करोड़ की महत्वाकांक्षी परियोजना की डीपीआर को मंजूरी।
संवाद सूत्र, शाम्हो (बेगूसराय)। दशकों से बेहतर सड़क संपर्क की प्रतीक्षा कर रहे शाम्हो दियारा के लोगों के लिए बड़ी राहत की उम्मीद जगी है।
रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेस-वे परियोजना के तहत गंगा नदी पर प्रस्तावित पुल के साथ शाम्हो को बेगूसराय जिला मुख्यालय से जोड़ने के लिए अलग एप्रोच सड़क (पहुंच पथ) बनाने की योजना पर प्रशासनिक स्तर पर कवायद तेज हो गई है।
इस संबंध में शाम्हो अंचल कार्यालय को प्रस्तावित पुल और एप्रोच रोड की जद में आने वाली भूमि का ब्योरा उपलब्ध कराने के लिए पत्र प्राप्त हुआ है।
इसके बाद अंचल कार्यालय ने संबंधित गांवों की भूमि की प्रकृति और स्वामित्व का विवरण जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
गंगा पुल से जुड़ेगा शाम्हो का नया रास्ता
परियोजना के प्रारंभिक मानचित्र और एनएचएआई के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, एक्सप्रेस-वे बेगूसराय में एनएच-31 को भैरवार-सुरदासा ढाला के समीप पार करेगा।
इसके बाद गंगा और क्यूल नदी पर लंबे पुल के जरिए आगे बढ़ते हुए सूर्यगढ़ा-मुंगेर मार्ग (एनएच-80) को नदौरा और अवगिल गांवों के बीच जोड़ेगा।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि गंगा नदी पर बनने वाले इसी पुल से शाम्हो के लिए अलग एप्रोच सड़क प्रस्तावित की गई है।
यह सड़क अकहा-कुरहा गांव के पूर्वी हिस्से तक पहुंचेगी। वहीं दूसरी ओर मटिहानी प्रखंड के नया गांव स्थित सार्वजनिक दुर्गा स्थान के पास भी एक एप्रोच रोड प्रस्तावित है।

जिला मुख्यालय तक सफर होगा आसान
यदि योजना तय स्वरूप में लागू होती है तो शाम्हो दियारा के लोगों को बांध वाली सड़क और मटिहानी ढाला के रास्ते सीधे बेगूसराय जिला मुख्यालय तक सुगम सड़क संपर्क मिल जाएगा।
इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और प्रशासनिक कार्यों के लिए आने-जाने में वर्षों से चली आ रही कठिनाइयों से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
भूमि अधिग्रहण की तैयारी शुरू
अंचल कार्यालय को भेजे गए पत्र में पुल और एप्रोच सड़क के दायरे में आने वाली भूमि का पूरा विवरण उपलब्ध कराने को कहा गया है।
इसके तहत संबंधित गांवों की भूमि की प्रकृति, स्वामित्व और अन्य आवश्यक जानकारियां जुटाई जा रही हैं। इसे परियोजना के अगले चरण की महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रिया माना जा रहा है।
60 हजार करोड़ की महत्वाकांक्षी परियोजना
करीब 719 किलोमीटर लंबे रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेस-वे की अनुमानित लागत लगभग 60 हजार करोड़ रुपये है। यह एक्सप्रेस-वे छह राज्यों से होकर गुजरेगा और बिहार में गंगा नदी पर बनने वाला पुल इसकी सबसे महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।
हालांकि परियोजना को वर्ष 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, लेकिन इसके विशाल आकार और भूमि अधिग्रहण जैसी प्रक्रियाओं को देखते हुए निर्माण अवधि बढ़ने की भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
डीपीआर को मिल चुकी है मंजूरी
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) को मंजूरी दे चुका है। हालांकि अंतिम अलाइनमेंट बेगूसराय–शाम्हो–सूर्यगढ़ा होगा या बेगूसराय से सीधे सूर्यगढ़ा के बीच, इसका अंतिम निर्णय निर्माण के दौरान भूमि अधिग्रहण और तकनीकी परिस्थितियों को ध्यान में रखकर लिया जाएगा।
लंबे संघर्ष के बाद मिली रफ्तार
मटिहानी-शाम्हो पुल की मांग कई वर्षों से उठती रही है। वर्ष 2019 में तत्कालीन राज्यसभा सांसद राकेश सिन्हा ने पहली बार संसद में यह मुद्दा उठाया था।
इसके बाद केंद्र सरकार के स्तर पर फिजिबिलिटी रिपोर्ट, डीपीआर और तकनीकी स्वीकृतियों की प्रक्रिया पूरी हुई। वर्ष 2025 में इस पुल को रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेस-वे परियोजना का हिस्सा बनाया गया और अब डीपीआर को मंजूरी मिलने के बाद भूमि संबंधी तैयारियां शुरू होने से परियोजना को जमीन पर उतारने की दिशा में अहम प्रगति मानी जा रही है।