विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MSc, MEd और PhD होल्डर प्रभा का जलवा, बेगूसराय की टीचर को CM सम्राट करेंगे सम्मानित

Published: Wed, 02 Sep 2026 09:01 PM (IST)

शिक्षक दिवस पर बेगूसराय की शिक्षिका प्रभा कुमारी को राजकीय शिक्षक पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया जाएगा।

शिक्षक प्रभा कुमारी। (जागरण)

शिक्षक प्रभा कुमारी। (जागरण)

HighLights

  1. शिक्षिका प्रभा कुमारी को राजकीय शिक्षक पुरस्कार 2026 मिलेगा।

  2. छात्रों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए सम्मानित।

  3. साहित्य और विज्ञान के समन्वय से शिक्षा में योगदान।

जागरण संवाददाता, बेगूसराय। शिक्षक दिवस पर बेगूसराय की शिक्षिका प्रभा कुमारी को राजकीय शिक्षक पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया जाएगा।

प्राथमिक शिक्षा निदेशालय की ओर से बुधवार की शाम राज्य के 38 शिक्षक-शिक्षिकाओं का राजकीय शिक्षक सम्मान के लिए चयन किया गया है।

चयनित शिक्षकों की सूची में 37वें स्थान पर बेगूसराय जिले के डंडारी प्रखंड स्थित उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय कटरमाला की शिक्षिका प्रभा कुमारी का नाम शामिल है।

शहर के पोखरिया निवासी प्रभा कुमारी विज्ञान की शिक्षिका हैं। विज्ञान के साथ ही साहित्य में भी उनकी गहरी रुचि है। उनकी कई रचनाएं प्रकाशित हो चुकी हैं।

विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए किए गए उनके कार्यों की सराहना होती रही है। वे विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर के बाल विज्ञान कांग्रेस सहित विभिन्न वैज्ञानिक कार्यक्रमों में भी शामिल करा चुकी हैं।

साहित्य और विज्ञान का समन्वय

साहित्य और विज्ञान का समन्वय कर बच्चों की बौद्धिक क्षमता विकसित करना उनकी खासियत है। इसके माध्यम से वे विद्यार्थियों में रचनात्मकता, जिज्ञासा और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने का प्रयास करती हैं।

प्रभा कुमारी की शैक्षिक योग्यता भी उल्लेखनीय है। उन्होंने एमएससी, बीएड, एमएड और डाक्टरेट की उपाधि प्राप्त की है। इसके अलावा वे नेट, यूजीसी, एसटीईटी, सीटीईटी, दक्षता और बीपीएससी जैसी परीक्षाएं भी उत्तीर्ण कर चुकी हैं।

उन्होंने एसके महिला कॉलेज, केंद्रीय विद्यालय आईओसीएल समेत कई स्कूल-कॉलेजों में शैक्षणिक कार्य किया है। वर्तमान में वह उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय कटरमाला में रसायन की शिक्षिका के रूप में कार्यरत हैं। उनके पति दीपक कुमार बेगूसराय सिविल कोर्ट में अधिवक्ता हैं।

यह भी पढ़ें- 1999 में शुरू हुआ सफर, अब राज्य स्तर पर बनाई पहचान; बांका के टीचर उमाकांत कुमार को मिलेगा पुरस्कार