IAS-IPS देने वाले स्कूल की जर्जर हालत; 1500 बच्चों को पढ़ाने के लिए सिर्फ 15 टीचर, पानी-टॉयलेट को तरसते छात्र
ओमर प्लस टू विद्यालय, जिसने कई आईएएस-आईपीएस अधिकारी दिए, आज शिक्षकों की कमी और जर्जर बुनियादी ढांचे के कारण बदहाली का सामना कर रहा है।

IAS-IPS देने वाले स्कूल की जर्जर हालत (जागरण फोटो)
HighLights
ओमर प्लस टू विद्यालय में शिक्षकों की भारी कमी।
जर्जर बुनियादी ढांचा और मूलभूत सुविधाओं का अभाव।
प्रशासनिक अधिकारियों को जन्म देने वाला स्कूल बदहाल।
अजीत कुमार झा, तेघड़ा (बेगूसराय)। कभी जिस विद्यालय के बरामदे से ज्ञान की रोशनी निकलती थी और जिसकी कक्षाओं में बैठकर विद्यार्थियों ने आईएएस-आईपीएस बनने के सपने बुने, आज उसी विद्यालय के बच्चे बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं।
जिस संस्थान ने देश और राज्य को प्रशासनिक अधिकारी, प्रतिभाशाली खिलाड़ी और मेधावी छात्र दिए, उसकी अपनी शैक्षणिक व्यवस्था बदहाली के अंधेरे में गुम होती जा रही है।

वर्ष 1939 में स्थापित ओमर प्लस टू विद्यालय की गौरवशाली पहचान आज शिक्षकों की कमी, जर्जर बुनियादी ढांचे और बदहाल व्यवस्था के बीच दम तोड़ती नजर आ रही है। विडंबना देखिए, कभी इस विद्यालय की मिसाल दी जाती थी, आज इसकी दुर्दशा ही शिक्षा व्यवस्था की कहानी बयां कर रही है।
इस विद्यालय की प्रतिभाओं में बरौनी गांव निवासी सेवानिवृत्त आईजी लक्ष्मण प्रसाद सिंह का नाम प्रमुखता से लिया जाता है। उन्होंने 1970 में यहां से मैट्रिक की परीक्षा पास की। इसके बाद 1981 में बीपीएससी परीक्षा में 84 प्रतिशत अंक हासिल कर राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
एसडीपीओ पटना सिटी से करियर की शुरुआत करने वाले लक्ष्मण प्रसाद सिंह झारखंड के सरायकेला में पांच वर्षों तक एसपी रहे। वर्ष 2014 में उन्होंने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ली।
वहीं, बिहार सरकार के उच्च शिक्षा अपर सचिव राजीव रोशन ने भी 1995 में इसी विद्यालय से मैट्रिक की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। इतनी बड़ी शख्सियतों से जुड़ा विद्यालय आज खुद बदहाली से उबरने की बाट जोह रहा है।

1499 विद्यार्थियों पर महज 15 शिक्षक:
विद्यालय में नौवीं और दसवीं कक्षा में 962 विद्यार्थी नामांकित हैं। इनमें नौवीं के 510 और दसवीं के 452 छात्र शामिल हैं। वहीं, इंटरमीडिएट में 537 विद्यार्थी पढ़ रहे हैं।
इस तरह कुल नामांकन 1499 है, जबकि नौवीं-दसवीं के लिए महज 11 और इंटरमीडिएट के लिए चार शिक्षक कार्यरत हैं। गणित, भौतिकी और रसायन विज्ञान जैसे महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षकों की कमी से पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

संसाधन मौजूद, लेकिन इस्तेमाल करने वाले नहीं:
विद्यालय में कंप्यूटर, स्मार्ट क्लास और प्रयोगशालाएं तो हैं, लेकिन कंप्यूटर शिक्षक के अभाव में डिजिटल शिक्षा का सपना अधूरा है। प्रयोगशालाओं और स्मार्ट क्लास का भी नियमित संचालन नहीं हो पा रहा है। महज 15 वर्ग कक्ष होने के कारण शिक्षकों के बैठने के लिए अलग कमरा तक नहीं है। उन्हें लाइब्रेरी में बैठकर काम करना पड़ता है।
विद्यालय में पेयजल के लिए दो चापाकल और दो सबमर्सिबल लगाए गए हैं, लेकिन नल जर्जर हालत में हैं। शौचालयों में गंदगी का अंबार विद्यार्थियों की परेशानी बढ़ा रहा है।
परिसर में जगह-जगह जंगल-झाड़ उग आए हैं। कई कमरों की खिड़कियों के दरवाजे टूटे हैं तो पंखों की पंखुड़ियां क्षतिग्रस्त हैं। परिसर की यह स्थिति रखरखाव और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।

गौरवशाली अतीत का बदहाल वर्तमान:
ओमर प्लस टू विद्यालय की बदहाली केवल एक संस्थान की समस्या नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था के सामने बड़ा सवाल है। जिस विद्यालय ने कभी प्रशासनिक अधिकारी और प्रतिभाशाली विद्यार्थी दिए, वहां आज के छात्र बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
जरूरत है कि शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन तत्काल पहल करें। शिक्षकों की नियुक्ति के साथ शौचालय, पेयजल, प्रयोगशाला, स्मार्ट क्लास और साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त की जाए, ताकि इस ऐतिहासिक विद्यालय का गौरवशाली अतीत फिर से उसके वर्तमान की पहचान बन सके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।