'मैं अफसर बन गया', पिता के निधन के बाद मां ने 12वीं पास कर संभाली गृहस्थी, अब बेटे ने BPSC में गाड़े झंडे
नितीश कुमार ने दो बार यूपीएससी में असफल होने के बाद तीसरे प्रयास में बीपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण कर जिला सांख्यिकी पदाधिकारी का पद हासिल किया है।

गढ़पुरा के मैसना गांव के नितीश कुमार जिला सांख्यिकी पदाधिकारी बने। सौजन्य: परिवार के सदस्य
HighLights
नितीश कुमार ने बीपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल की।
दो बार यूपीएससी में असफल होने पर भी हार नहीं मानी।
मां के त्याग और चाचा के मार्गदर्शन से मिली प्रेरणा।
संंवाद सूत्र, गढ़पुरा (बेगूसराय)। विपरीत परिस्थितियों में भी हौसला बुलंद हो तो सफलता की राह आसान हो जाती है। इसका उदाहरण गढ़पुरा पंचायत के मैसना गांव निवासी स्व. उमाकांत वर्मा के पुत्र नितीश कुमार ने पेश किया है।
दो बार यूपीएससी में असफल होने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और तीसरे प्रयास में बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की परीक्षा उत्तीर्ण कर जिला सांख्यिकी पदाधिकारी का पद हासिल किया।
उनकी सफलता से गांव सहित पूरे इलाके में खुशी की लहर है। नितीश की इस उपलब्धि के पीछे वर्षों का संघर्ष, मां का त्याग और चाचा का मार्गदर्शन रहा है।
जब नितीश मध्य विद्यालय में पढ़ रहे थे, तभी उनके पिता का निधन हो गया। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उस समय मां संयुक्ता वर्मा महज मैट्रिक पास थीं, जिस कारण उन्हें अनुकंपा पर नौकरी नहीं मिल सकी।
बच्चों के भविष्य की चिंता में उन्होंने खुद दोबारा पढ़ाई शुरू की। गृहस्थी की जिम्मेदारियों के बीच बारहवीं की परीक्षा उत्तीर्ण की और इसके बाद मध्य विद्यालय गढ़पुरा में सहायक शिक्षिका के पद पर नियुक्त हुईं। मां के इसी संघर्ष ने बच्चों को आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
नितीश के चाचा दयाकांत वर्मा, जो भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय में अधिकारी हैं, ने भी उनकी पढ़ाई में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने नितीश को दुर्गापुर में अपने पास रखकर शिक्षा की व्यवस्था की और लगातार मार्गदर्शन करते रहे।
पांचवीं तक की पढ़ाई गांव में करने के बाद नितीश ने दुर्गापुर से माध्यमिक शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद दिल्ली जाकर स्नातक और स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की। इसी दौरान उन्होंने सिविल सेवा में जाने का लक्ष्य निर्धारित किया।
लक्ष्य की प्राप्ति के लिए नितीश ने यूपीएससी की तैयारी शुरू की। दो बार परीक्षा में शामिल हुए, लेकिन एक बार मुख्य परीक्षा और दूसरी बार मेरिट सूची में सफलता नहीं मिली।
लगातार दो असफलताओं के बाद भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। इसके बाद बीपीएससी की तैयारी में जुट गए। आखिरकार तीसरे प्रयास में सफलता हासिल कर अपने परिवार और गांव का नाम रोशन किया।
परीक्षा परिणाम आने के बाद नितीश ने मां संयुक्ता वर्मा को फोन कर कहा, "मां, मैं ऑफिसर बन गया"। बेटे की यह बात सुनते ही मां भावुक हो गईं और उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े।
उन्होंने बताया कि पति के निधन के बाद बच्चों की परवरिश और पढ़ाई की जिम्मेदारी अकेले संभालना काफी चुनौतीपूर्ण था। उनके पति भी बीपीएससी के माध्यम से शिक्षक बने थे और परिवार को लेकर कई सपने संजोए थे। आज बेटे को अधिकारी बनते देख उन्हें लग रहा है कि वर्षों का संघर्ष सफल हो गया।
नितीश की सफलता उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो असफलताओं से निराश होकर अपने लक्ष्य से पीछे हट जाते हैं। वहीं, उनकी मां का संघर्ष साबित करता है कि शिक्षा, दृढ़ इच्छाशक्ति और आत्मविश्वास से विपरीत परिस्थितियों को भी अवसर में बदला जा सकता है।