बैठक में शोषितों की अनदेखी पर आक्रोश
प्रखंड कार्यालय परिसर में रविवार को प्रखंड के शोषित समाज की बैठक हुई।
बेगूसराय। प्रखंड कार्यालय परिसर में रविवार को प्रखंड के शोषित समाज की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष सुलेंद्र पासवान ने और संचालन मो. साहेब ने किया। इस अवसर पर केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा सदा शोषित समाज की अनदेखी करने पर आक्रोश व्यक्त किया गया। इसके साथ ही लोगों से 26 सितंबर को शहीद भूमि कुर्था से शोषित समाज के संबल के लिए पटना तक पैदल न्याय यात्रा में शामिल होने की अपील की गई। इस अवसर पर शोषित समाज के बिहार प्रदेश संयुक्त मंत्री डॉ. राम उदय शर्मा ने कहा कि देश और प्रदेश इस समय काफी संकट से गुजर रहा है। इनदिनों राजनीति में वंशवाद, व्यक्तिवाद, जातिवाद, संप्रदायवाद से जनतंत्र खतरे में पड़ गया है। समस्याओं के खिलाफ शोषित समाज दल न्याय यात्रा शहीद जगदेव प्रसाद की शहीद भूमि कुर्था से 26 सितम्बर को चलकर 30 सितंबर को पटना पहुंचेगा। उन्होंने इस मौके पर उपस्थित साथियों से न्याय यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। सभा को विवेकानंद, अनुज कुमार, वरुण कुमार, मिट्ठू रजक, सुनील साहनी आदि ने भी संबोधित किया।