बूढ़ी गंडक में डूबने से युवक की मौत, बेगूसराय के डंडारी थाना में यूडी केस दर्ज; SDM ने की जांच
बलिया के राजोपुर में बूढ़ी गंडक नदी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई, जिसके बाद डंडारी थाना में यूडी केस दर्ज किया गया है।

डंडारी राजोपुर के मृतक धारो यादव। (फाइल फोटो)
HighLights
बूढ़ी गंडक में डूबने से युवक धर्मेंद्र की मौत।
डंडारी थाना में यूडी केस दर्ज, जांच जारी।
एसडीएम ने की घटना की विस्तृत पड़ताल।
संवाद सहयोगी, बलिया (बेगूसराय)। डंडारी थाना क्षेत्र के राजोपुर वार्ड-दो में बूढ़ी गंडक नदी में डूबने से हुई युवक की मौत मामले में पुलिस ने यूडी केस दर्ज किया है। उक्त संबंध में जिला जनसंपर्क कार्यालय की ओर से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी गई है।
मृतक डंडारी थाना क्षेत्र के राजोपुर निवासी धर्मेंद्र कुमार उर्फ धर्मवीर कुमार उर्फ धारो, पिता रामरतन यादव था। स्वजन के आवेदन पर डंडारी थाना में अप्राकृतिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है।
प्रशासन द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार मामले की जांच बलिया अनुमंडल पदाधिकारी अजय यादव द्वारा की गई। जांच के क्रम में एसडीएम ने मृतक के स्वजन, उसके बड़े भाई दिलखुश यादव, चचेरे भाई गुड्डू कुमार एवं अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की।
पूछताछ में बताया गया कि मृतक का डेरा बूढ़ी गंडक नदी के बांध किनारे स्थित है। विगत 25 अक्टूबर को वे नदी किनारे अपने मवेशियों की साफ-सफाई कर रहे थे, इसी दौरान अचानक असंतुलित होकर गहरे पानी में चले जाने से डूबकर उनकी मृत्यु हो गई।
घटना के बाद स्वजनों ने डंडारी थाना में लिखित आवेदन दिया, जिसके आधार पर यूडी केस दर्ज कर नियमानुसार अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
भ्रामक अफवाहों से बचें
वहीं, प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि अपुष्ट सूचनाओं एवं भ्रामक अफवाहों के प्रसार से बचें, ताकि क्षेत्र में अनावश्यक भ्रम एवं सामाजिक अशांति की स्थिति उत्पन्न न हो।
यह भी पढ़ें- बेगूसराय में डांसर को थप्पड़ मारने वाले दारोगा पर कार्रवाई, वीडियो वायरल होने के बाद सस्पेंड
