इकतरफा प्यार में हैवान बना आशिक, लड़की को चाकुओं से गोदा
बिहार के बेगूसराय में एक पागल आशिक ने कॉलेज छात्रा को सरेआम चाकुओं से गाेदकर घायल कर दिया। छात्रा की हालत नाजुक बनी हुई है।
बेगूसराय [जेएनएन]। इकतरफा प्यार में आशिक हैवान बन गया। उसने लड़की को सरेआम सड़क पर पकड़ कर प्रपोज किया और उसके इंकार करने पर चाकुओं से गोद डाला। घटना बेगूसराय के बीपी स्कूल के पास बुधवार को हुई।
जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह बेगूसराय के एसके महिला कालेज की बीए पार्ट 2 की छात्रा घर से पढ़ने के लिए निकली थी। रास्ते में एक युवक ने उसे फॉलो किया और बीपी स्कूल के निकट प्रपोज किया। छात्रा ने पहले नजरअंदाज, फिर इंकार किया तो बात बढ़ गई।
बताया जाता है कि छात्रा के इंकार से युवक आपे से बाहर हो गया। उसने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। जब तक लोग पहुंचते, वह भाग गया। लड़की के बेहोश होने की वजह से युवक का पता अभी तक नहीं चल सका है। पुलिस फिलहाल प्रेम प्रसंग मानकर जांच में जुट गई है।