वार्ड तीन में मूलभूत सुविधाओं का अभाव
तेघड़ा नगर पंचायत का पांच साल का कार्यकाल समाप्त होने पर है।
बेगूसराय । तेघड़ा नगर पंचायत का पांच साल का कार्यकाल समाप्त होने पर है। फिर भी यहां की जनता मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। यह हाल है वार्ड संख्या तीन का। जहां विकास के नाम पर लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद आज तक सड़क की सुविधा लोगों को उपलब्ध नहीं हो पाई है। उक्त वार्ड से राष्ट्रीय उच्च विद्यालय तक जाने के लिए सड़क के अभाव में छात्र-छात्राओं को कई किलोमीटर घूमकर विद्यालय तक पहुंचाना पड़ता है।
राष्ट्रीय उच्च पथ से होकर विद्यालय जाने के क्रम में कई बार छात्र दुर्घटना का शिकार होते हैं। गरीब बच्चों की पढ़ाई के नाम पर एक कस्तूरबा विद्यालय है। परंतु, वह भी राष्ट्रीय उच्च पथ के दूसरी ओर है। सड़क पार करने के दौरान बच्चों पर हमेशा खतरा बना रहता है। वार्ड के तहत चैती दुर्गा स्थान है जो लोगों के आस्था का केंद्र है। परंतु, यहां जलजमाव की समस्या से लोग परेशान रहते हैं। इस धार्मिक स्थल के बगल में गंदगी का अंबार लगा रहता है। इस ओर शायद अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का ध्यान नहीं जाता। इस वार्ड में कई जगहों पर सड़क जर्जर और बदहाल है।
कहते हैं स्थानीय लोग
कल्पू महतो : आंगनबाड़ी केंद्र तक सड़क नहीं रहने के कारण केंद्र तक बच्चों को पहुंचने में काफी कठिनाई होती है
2. विजय कुमार साह : वार्ड क्षेत्र में जलनिकासी के लिए नाला नहीं रहने के कारण जगह जगह जलजमाव की समस्या बनी रहती है।
3. राजकुमार : जन वितरण प्रणाली की कुव्यवस्था के चलते लाभुकों को सही ढंग से राशन-केरोसन नहीं मिल पाता है। इसके कारण लोगों को काफी परेशानी होती है।
4. राम खेलावन दास : आवेदन देने के बाद भी इंदिरा आवास के लाभ से कई लोग वंचित हैं। जलजमाव व सड़क जर्जर रहने से लोगों को बहुत परेशानी होती है।