बेगूसराय ज्वेलरी दुकान लूटकांड: देवघर से दूसरा आरोपित गिरफ्तार, घर से पिस्टल, कट्टा और 13 कारतूस बरामद
लखीसराय पुलिस ने बेगूसराय के फूलवरिया बाजार स्थित मां पार्वती ज्वेलरी दुकान में हुई लूट के मामले में दूसरे आरोपी राजवर्धन कुमार सिंह को देवघर से गिरफ्तार किया है।

देवघर से दूसरा आरोपित गिरफ्तार (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
बेगूसराय ज्वेलरी लूटकांड में दूसरा आरोपी देवघर से गिरफ्तार।
आरोपी राजवर्धन सिंह के घर से हथियार और कारतूस बरामद।
लूटकांड में पहले भी एक आरोपी माधव कश्यप हो चुका गिरफ्तार।
संवाद सूत्र, लखीसराय। बेगूसराय के फूलवरिया बाजार स्थित मां पार्वती ज्वेलरी दुकान में दिनदहाड़े हुई लूट के मामले में लखीसराय पुलिस को एक और सफलता मिली है। पिपरिया थाना क्षेत्र के वलीपुर गांव निवासी राजवर्धन कुमार सिंह को पुलिस ने झारखंड के देवघर से गिरफ्तार किया है।
आरोपित की निशानदेही पर उसके घर पर छापेमारी कर एक पिस्टल, एक कट्टा और 13 कारतूस बरामद किए गए हैं। इस मामले में दो दिन पहले वलीपुर गांव के ही माधव कुमार कश्यप को देवघर के जसीडीह से गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस के अनुसार, दोनों की गिरफ्तारी बेगूसराय के फूलवरिया बाजार में 17 अक्टूबर को हुई लूट की घटना की जांच के क्रम में की गई है।
सीसीटीवी फुटेज से सामने आए थे संदिग्धों के चेहरे
पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर को फूलवरिया बाजार स्थित मां पार्वती ज्वेलरी दुकान में अपराधियों ने हथियार के बल पर चांदी और सोने के आभूषणों के साथ करीब एक लाख रुपये नकद लूट लिए थे।
घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर वलीपुर और रामचंद्रपुर गांव के कुछ युवकों के चेहरे सामने आए। इसके बाद एसटीएफ पटना तथा लखीसराय और बेगूसराय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में माधव कुमार कश्यप को गिरफ्तार किया गया।
उससे मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने सोमवार की मध्यरात्रि देवघर से राजवर्धन कुमार सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया।
आरोपित पर पहले से दर्ज हैं कई मामले
पिपरिया थानाध्यक्ष सौरभ सुमन के अनुसार, राजवर्धन कुमार सिंह के विरुद्ध करीब आधा दर्जन मामले दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है।
पुलिस के अनुसार, माधव कुमार कश्यप पर भी पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसे हथियारों की आपूर्ति और शराब तस्करी से जुड़े मामलों में भी आरोपित किया गया है।
उल्लेखनीय है कि 17 जून 2025 को वलीपुर पंचायत के तत्कालीन मुखिया चंदन कुमार सिंह और एक अन्य युवक चंदन कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उक्त दोहरे हत्याकांड में माधव कुमार कश्यप भी आरोपित है। वह कुछ माह पहले जमानत पर जेल से बाहर आया था।
