विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खाद के लिए ज्यादा वसूला तो लॉक हो जाएगी POS मशीन, किसानों को खाद में ठगी से बचाएगा IVR कॉल सिस्टम

Published: Wed, 09 Sep 2026 04:40 PM (IST)

कृषि विभाग ने खाद की कालाबाजारी और अधिक वसूली रोकने के लिए नई IVR कॉल प्रणाली शुरू की है। अब ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. खाद की कालाबाजारी रोकने को IVR कॉल सिस्टम शुरू।

  2. अधिक वसूली की शिकायत पर POS मशीन होगी लॉक।

  3. दुकानदारों पर जुर्माना, लाइसेंस रद्द होने का प्रावधान।

संवाद सहयोगी, छौड़ाही (बेगूसराय)। खाद की कॉल बाजारी और किसानों से निर्धारित दर से अधिक राशि वसूली पर रोक लगाने के लिए निगरानी व्यवस्था को और सख्त कर दी गई है।

कृषि विभाग की नई व्यवस्था के तहत अब खाद खरीदने के 24 घंटे बाद किसान के मोबाइल पर स्वत: आइवीआर कॉल पहुंचेगी। इसमें किसान से खाद निर्धारित सरकारी दर पर मिलने और अधिक राशि वसूले जाने से संबंधित जानकारी ली जाएगी।

कॉल के दौरान किसान से पूछा जाएगा कि उन्हें खाद सरकारी दर पर मिली है या नहीं। निर्धारित दर पर खाद मिलने पर एक दबाने तथा अधिक राशि लिए जाने की स्थिति में दो दबाने का विकल्प दिया जाएगा।

दो दबाने के बाद किसान से यह भी जानकारी ली जाएगी कि खाद के लिए उन्होंने कितनी राशि का भुगतान किया है। इससे खाद की बिक्री में होने वाली अनियमितता की स्वत: निगरानी हो सकेगी।

किसी खाद दुकान के विरुद्ध 24 घंटे के भीतर पांच किसानों से अधिक राशि वसूले जाने की शिकायत मिलने पर संबंधित दुकान की पीओएस मशीन स्वत: लॉक हो जाएगी। इसके बाद दुकान की जांच शुरू की जाएगी।

पहली बार पीओएस मशीन लॉक होने पर संबंधित विक्रेता पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। दूसरी बार मशीन लॉक होने पर खाद का कोटा निरस्त कर दिया जाएगा। वहीं तीसरी बार पीओएस मशीन लॉक होने पर संबंधित विक्रेता का लाइसेंस हमेशा के लिए रद कर दिया जाएगा।

छौड़ाही के कृषि समन्वयक मनोज कुमार ने उक्त जानकारी देते हुए किसानों को सावधान रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि यूरिया की सरकारी दर 266.50 रुपये है।

खाद खरीदने के बाद किसी प्रकार की दिक्कत होने अथवा निर्धारित दर से अधिक राशि लिए जाने पर किसान विभाग की ओर से जारी संपर्क नंबर 092280770 पर तुरंत सूचना दें।

यह भी पढ़ें- दरभंगा के सिंहवाड़ा में छात्रा से छेड़खानी के आरोप में स्कूल में हंगामा, शिक्षक हिरासत में