बेगूसराय में डूबकर चार बच्चों की मौत, अलग-अलग घटनाओं के बाद गांव में मातम Begusarai News
बेगूसराय में हुई अलग-अलग घटनाओं में डूबने से चार की मौत हो गई। रविवार को डूबे दो बच्चों का मंगलवार की सुबह शव बरामद किया गया।
बेगूसराय, जेएनएन। जिले में अलग-अलग घटनाओं में डूबने से चार लोगों की मौत हो गई। इसमें रविवार को हुई घटना में डूबे किशोरों का मंगलवार को शव बरामद किया गया। हादसे के बाद जिले में मातम का माहौल है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अलग-अलग जगहों पर डूबने से दो की मौत
डूबने से बच्ची समेत दो की मौत हो गई। पहली घटना बछवाड़ा थाना क्षेत्र के विशनपुर पंचायत स्थित गंगा नदी ढाव पर हुई। यहां 15 वर्षीय बच्ची डूब गई। उसकी पहचान विशनपुर पंचायत वार्ड नंबर तीन निवासी उदय राय की पुत्री सविता कुमारी के रूप में हुई है। वहीं लाखो ओपी थाना क्षेत्र के कर्पूरी ठाकुर उच्च विद्यालय स्थित तालाब में किशोर की डूबने से मौत हो गई। किशोर लाखो निवासी अरविंद पासवान का पुत्र बताया जाता है।
गंगा नदी में डूबे किशोरों का शव बरामद
मटिहानी थाना क्षेत्र के चाक गंगा घाट पर नहाने के दौरान डूबे दोनों किशोर का शव मंगलवार सुबह चाक घाट से बरामद कर लिया गया। दोनों किशोर चाक निवासी बब्लू सिंह व जयजयराम पंडित के पुत्र बताए जाते हैं। बताते चलें कि रविवार को नहाने के दौरान दोनों किशोर डूब गए थे। हादसे के बाद से उनकी खोजबीन की जा रही थी। शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।