नदी में स्नान करने गए चार किशोरों की डूबकर मौत, मातम में बदला शादी का माहौल
बिहार के बेगूसराय जिले में गंडक नदी में डूबकर चार किशाेरों की मौत हो गई। घटना के बाद शादी वाले घर में मातम छा गया।
बेगूसराय [जेएनएन]। बिहार के बेगूसराय में बुधवार का दिन जिले के किशोरों के लिए काल बनकर आया। डंडारी थाना क्षेत्र के दक्षिणी कटरमाला स्थित बूढ़ी गंडक नदी में स्नान करने गए तीन किशोरों की डूबने से मौत हो गई। वहीं वीरपुर थाना क्षेत्र के सिकरहुला के आठ वर्षीय बच्चे की भी मौत गंडक में डूबने से हो गई।
सिकरहुला निवासी सूरत पासवान का पुत्र आठ वर्षीय दिलवर कुमार साथियों के साथ गंडक में स्नान करने गया था। गहराई में चले जाने से डूबकर उसकी मौत हो गई। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को नदी से निकलवाया। वहीं डंडारी थाना क्षेत्र के दक्षिणी कटरमाला में बूढ़ी गंडक नदी में स्नान के दौरान डूबने से तीन किशोरों की मौत हो गई। इनकी पहचान नवटोलिया कटरमाला के श्रवण तांती के 12 वर्षीय पुत्र रौशन कुमार, रामविलास महतो के 10 वर्षीय पुत्र राजा कुमार एवं रामपुकार महतो के 11 वर्षीय पुत्र अंकित कुमार के रूप में की गई है। स्नान के दौरान गहरे पानी में चले जाने से तीनों की मौत हो गई।
घटनास्थल पर मौजूद एक लड़के ने इसकी सूचना घर वालों को दी। सूचना मिलते ही कोहराम मच गया। घर में गुरुवार को लड़की की शादी होने वाली थी। घटना के बाद खुशी का माहौल मातम में बदल गया।