प्रसाद खाने से छौड़ाही में 150 से ज्यादा लोग बीमार
जिले के छौड़ाही ओपी के पताही गांव में सोमवार की देर रात 150 से ज्यादा लोग एक साथ फूड प्वाइज¨नग का शिकार हो बीमार हो गए।
बेगूसराय। जिले के छौड़ाही ओपी के पताही गांव में सोमवार की देर रात 150 से ज्यादा लोग एक साथ फूड प्वाइज¨नग का शिकार हो बीमार हो गए। इनमें एक दर्जन से अधिक लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। पीडि़तों का इलाज खोदाबंदपुर सरकारी अस्पताल समेत अन्य निजी अस्पतालों में चल रहा है। बीमार लोगों का आंकड़ा इससे भी ज्यादा होने की आशंका है। बीमार लोगों में ज्यादा संख्या बच्चों की है। घटना के बाद से गांव में अफरातफरी का माहौल है।
घटना के संबंध में बीमार ग्रामीण सुरेश कुमार, मोनू कुमार, अंकुश कुमार, सोनी कुमार आदि ने बताया कि सोमवार की रात्रि विश्वकर्मा पूजा का आयोजन गांव में चार जगहों पर किया गया था। वहीं रामविलास पासवान के यहां श्राद्ध के भोज का भी आयोजन था। सभी जगहों पर ग्रामीणों ने पूजा का प्रसाद एवं आयोजित भोज का आनंद लिया था। रात के लगभग एक बजे एक साथ लगभग एक दर्जन लोगों को उल्टी दस्त आना शुरू हो गया। सुबह तक बीमारी की चपेट में आने वालों की संख्या 150 तक पहुंच गई। आसपास के ग्रामीणों ने मोर्चा संभाल सभी पीड़ितों लोगों को छौड़ाही बाजार के प्राइवेट झोलाछाप डॉक्टरों से इलाज करवाया। 40 से ज्यादा लोगों का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोदावंदपुर में चल रहा है। कई बीमार निकटवर्ती रोसड़ा हसनपुर, गढ़पुरा के सरकारी अस्पताल एवं प्राइवेट क्लीनिक में इलाज करा रहे हैं। बीमार अनिता देवी, राकेश कुमार आदि ने पीएचसी छौड़ाही के डॉक्टरों के गायब रहने की शिकायत की है। लोगों ने बताया कि यहां के चिकित्सक लगातार गायब रहते हैं। इस कारण मरीजों को खोदाबंदपुर समेत आसपास के निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ा। छौड़ाही पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस संबंध में बात करने पर छौड़ाही के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर रमेश प्रसाद ने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही नर्स एवं डॉक्टरों की टीम पताही गांव भेजी गई है। कैंप लगाकर बीमार लोगों का इलाज किया जा रहा है।
फूड प्वाइज¨नग का मामला
दर्जनों लोगों के इलाज में लगे पीएचसी खोदावंदपुर के चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर अनिल प्रसाद ने बताया कि अब तक 40 मरीजों को पीएचसी में भर्ती कराकर इलाज किया जा रहा है। सभी खतरे से बाहर हैं। प्रथम दृष्टया फूड प्वाइज¨नग का मामला लगता है।