विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेगूसराय में BBOSE के डिप्टी डायरेक्टर के आवास पर EOU की छापामारी, भाई के व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की भी जांच

Published: Thu, 20 Aug 2026 12:30 PM (IST)Updated: Thu, 20 Aug 2026 10:23 PM (IST)

बिहार आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने बेगूसराय में बिहार मुक्त विद्यालय शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड (बीबॉस) के उप निदेशक अजय ...और पढ़ें

संवाद सूत्र, साहेबपुर कमाल (बेगूसराय)। बिहार आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की टीम ने बिहार मुक्त विद्यालय शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड (बीबास) के उप निदेशक सह पूर्व जिला शिक्षा पदाधिकारी अजय कुमार सिंह के पैतृक आवास पर गुरुवार को घंटों छापेमारी की।

साहेबपुर कमाल थाना के परोरा गांव स्थित आवास पर सुबह करीब 8:30 बजे कार्रवाई शुरू हुई, जो शाम 5:15 बजे तक चली।

पूरे दिन घर के आसपास ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही और छापेमारी चर्चा का विषय बनी रही।

एक टीम घर तो दूसरी पहुंची व्यावसायिक प्रतिष्ठान

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ईओयू की टीम दो हिस्सों में पहुंची थी। टीम के कुछ अधिकारी पंचवीर स्थित अजय कुमार सिंह के भाई धर्मेंद्र सिंह के व्यावसायिक प्रतिष्ठान पर पहुंचे, जबकि दूसरी टीम सीधे परोरा स्थित पैतृक आवास पर गई।

व्यावसायिक प्रतिष्ठान से कुछ डायरियां और अन्य कागजात लेने के बाद अधिकारी आवास पहुंचे और विस्तृत जांच शुरू की।

घर को चारों तरफ से घेरा, कमरों से लेकर छत तक तलाशी

पैतृक आवास में अजय कुमार सिंह के बड़े भाई धर्मेंद्र सिंह, उनकी पत्नी, पुत्र, पुत्रवधू, पोता-पोती और बुजुर्ग माता-पिता रहते हैं।

कार्रवाई के दौरान ईओयू के करीब 10 अधिकारी, बलिया के बीडीओ और साहेबपुर कमाल थाना के करीब 14 पुलिसकर्मी मौजूद थे।

पूरे आवासीय परिसर को चारों ओर से घेर लिया गया था और मुख्य प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए थे।

अलमारियों और दस्तावेजों की जांच, पानी की टंकी तक पहुंची टीम

कार्रवाई में तीन वाहन और एक पुलिस वैन भी शामिल थी। ग्रामीणों के अनुसार अधिकारियों ने घर के कमरों, अलमारियों और विभिन्न दस्तावेजों की जांच की। छत और पानी की टंकी तक की तलाशी लिए जाने की बात भी सामने आई है। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही।

छापेमारी की खबर मिलते ही गांव में जुटने लगी भीड़

ईओयू की कार्रवाई की जानकारी मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुटने लगी। छापेमारी के कारणों की स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने से ग्रामीणों में उत्सुकता बनी रही। गांव के चौपाल, दुकानों और गलियों में पूरे दिन कार्रवाई को लेकर चर्चा होती रही।

परिवार को लेकर ग्रामीणों में भी होती रही चर्चा

स्थानीय लोगों के अनुसार अजय कुमार सिंह का परिवार गांव के प्रतिष्ठित और संपन्न परिवारों में गिना जाता है।

परिवार के पास काफी पैतृक कृषि भूमि होने की भी बात ग्रामीणों ने कही। आर्थिक अपराध इकाई की कार्रवाई से ग्रामीण हैरान नजर आए और दिनभर जांच के आधार और परिणाम को लेकर चर्चा करते रहे।

शाम 5:15 बजे कई कार्टन दस्तावेज लेकर निकली टीम

शाम करीब 5:15 बजे ईओयू की टीम आवासीय परिसर से बाहर निकली। इस दौरान अधिकारियों के साथ कई कार्टन नजर आए, जिनमें फाइलें, दस्तावेज और अन्य कागजात रखे हुए थे। अधिकारियों ने इन सामानों को वाहनों में रखा और अपने साथ लेकर रवाना हो गए।

ईओयू ने नहीं दिया आधिकारिक बयान, रिपोर्ट का इंतजार

छापेमारी के दौरान आर्थिक अपराध इकाई के अधिकारियों ने मीडिया या स्थानीय लोगों के समक्ष कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया। अब क्षेत्रवासियों की नजर जांच के निष्कर्ष और ईओयू की आधिकारिक रिपोर्ट पर टिकी है।

यह भी पढ़ें- बिहार में शिक्षा विभाग के अधिकारी के ठिकानों पर EOU का छापा, आय से 90 प्रतिशत अधिक संपत्ति का खुलासा