बेगूसराय में शराब के नशे में व्यवसायी को कार से कुचला, मौके पर ही मौत; ड्राइवर फरार
मंगलवार रात बेगूसराय के लोहियानगर थाना क्षेत्र में एक नौसिखिए कार चालक ने मिलन चौक के पास एक अधेड़ व्यवसायी ...और पढ़ें

घटना की जांच करती पुलिस
जागरण संवाददाता, बेगूसराय। मंगलवार की रात लोहियानगर थाना क्षेत्र के मिलन चाैक के समीप एसएच-55 पर एक नौसिखिए कार चालक ने राह चलते एक अधेड़ को रौंद दिया। मृतक की पहचान बाघा निवासी स्व. खलटू साह के 60 वर्षीय पुत्र सुरेश साह के रूप में हुई है।
अधेड़ के स्वजनों ने शराब के नशे में कुचलने का आरोप लगाते हुए नामजद प्राथमिकी अंकित कराई है। पुलिस ने मौके से कार जब्त कर लिया है, वहीं चालक की तलाश की जा रही है।
तेज रफ्तार से कार चलाते हुए आया और रौंद दिया
घटना के संबंध में मृतक के स्वजनों ने बताया कि सुरेश साह का मिलन चौक के समीप अराध्या सरसो मील नाम से कारोबार है। वह घर से खाना खाकर मील की तरफ आ रहे थे। इसी क्रम में बाघा निवासी संजीव कुमार उर्फ जंगी ठाकुर तेज रफ्तार से कार चलाते हुए आया और उन्हें रौंद दिया।
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही स्वजनों ने उन्हें इलाज के लिए एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकाें ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची लोहियानगर पुलिस ने कार जब्त करते हुए शव का पोस्टमार्टम करा स्वजनों को सौंप दिया है।
लोहियानगर पुलिस ने मृतक के पुत्र कृष्ण कुमार के बयान अंकित करतेे हुए प्राथमिकी अंकित करने के लिए यातायात थाना भेज दिया है। यातायात डीएसपी रंजीत कुमार ने बताया कि प्राथमिकी में शराब के नशे में कार से कुचलने का आरोप लगाया गया है। घटनास्थल के समीप सीसीटीवी फुटेज की जांच पड़ताल कर सच्चाई का पता लगाया जा रहा है।
