बेगूसराय में लेडी डॉक्टर पर एसिड अटैक, अस्पताल से घर लौटते समय फेंका तेजाब, समस्तीपुर का आरोपित गिरफ्तार
बेगूसराय में अस्पताल से घर लौट रही एक महिला चिकित्सक पर एसिड फेंका गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर समस्तीपुर निवासी आरोपी गौतम झा को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपित को गिरफ्तार कर ले जाती पुलिस।
HighLights
महिला चिकित्सक पर अस्पताल से लौटते समय एसिड हमला।
पुलिस ने समस्तीपुर के आरोपी गौतम झा को गिरफ्तार किया।
एसपी ने घटनास्थल का दौरा किया, एफएसएल टीम ने जांच की।
जागरण संवाददाता, बेगूसराय। नगर थाना क्षेत्र के हर्रख डीएवी स्कूल रोड में अस्पताल से घर लौट रही महिला चिकित्सक पर एसिड फेंकने का मामला सामने आया है।
चिकित्सक सुभाष चौक से डीएवी स्कूल रोड की ओर बढ़ रही थीं, तभी पीछे से आए युवक ने उन पर एसिड फेंक दिया। घटना के बाद पीड़िता को सदर अस्पताल ले जाया गया।
समस्तीपुर का रहने वाला है आरोपित
वहां उनका उपचार कराया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को देर रात गिरफ्तार कर लिया। आरोपित समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के रामपुर जलालपुर निवासी 30 वर्षीय गौतम झा है।
वह बेगूसराय के पोखड़िया में ई-रिक्शा चार्जिंग प्वाइंट का संचालन करता है। प्राथमिकी के अनुसार, महिला चिकित्सक अस्पताल से अपने आवास लौट रही थीं।
इसी दौरान सुभाष चौक से आगे डीएवी स्कूल रोड में आरोपित ने पीछे से उन पर एसिड फेंक दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी मनीष ने घटनास्थल पहुंचकर जांच-पड़ताल की।

(एसिड अटैक मामले में घटनास्थल पर जांच पड़ताल को पहुंचे एसपी मनीष। सौ: पुलिस)
घटना के बाद आरोपित को पुलिस ने दबोचा
एफएसएल टीम ने भी मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। सदर डीएसपी प्रशांत कुमार के नेतृत्व में नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित को देर रात दबोच लिया। मामले में नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
प्राथमिकी के अनुसार महिला चिकित्सक अस्पताल से अपने आवास लौट रही थी। शहर के सुभाष चौक से डीएवी स्कूल रोड में आगे बढ़ते ही आरोपित ने पीछे से एसिड फेंक दिया।
मिली जानकारी के अनुसार आरोपित की पत्नी पीड़िता के अस्पताल में बतौर नर्स काम करती थी। उक्त अस्पताल बछवाड़ा थाना क्षेत्र में बताया जाता है।
