विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेगूसराय में दीपावली के दिन पसरा मातम, सड़क हादसों में दो युवकों की मौत, पांच लोग घायल

Published: Mon, 09 Nov 2026 02:53 PM (IST)

बखरी (बेगूसराय) में दीपावली के दिन दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

विकास कुमार और सुमन कुमार। फाइल फोटो

विकास कुमार और सुमन कुमार। फाइल फोटो

HighLights

  1. दीपावली के दिन बखरी में दो सड़क हादसे हुए।

  2. हादसों में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

  3. पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए, एक बच्चा नाजुक।

संवाद सहयोगी, बखरी (बेगूसराय)। बखरी क्षेत्र में दीपावली के दिन अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो युवकों की जान चली गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

इस हृदयविदारक घटना से गम्हरिया और सादिकपुर गांव में दीपावली की चमक और खुशियां अचानक मातम में बदल गईं।

साइक‍िल सवार को अज्ञात वाहन ने कुचला

पहली घटना रविवार की सुबह बखरी-मंझौल पथ पर हेमनपुर चौक के समीप घटी। पहसारा पूर्वी पंचायत के गम्हरिया निवासी जनार्दन महतो का 21 वर्षीय पुत्र सुमन कुमार अपनी साइकिल से सब्जी लेकर बखरी मंडी बेचने जा रहा था।

इसी दौरान तेज रफ्तार अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने उसे ठोकर मार दी। टक्‍कर इतनी तेज थी कि उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

ई-रिक्‍शा और पल्‍सर की टक्‍कर में युवक की मौत

दूसरी घटना दीपावली की देर शाम बखरी-गढ़पुरा पथ पर एएनएम कालेज बखरी के समीप सड़क के तीखे मोड़ पर घटी, जहां एक तेज रफ्तार ई-रिक्शा और पल्सर बाइक की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई।

इस हादसे में चकहमीद पंचायत के सादिकपुर मुसहरी निवासी बनारसी सदा के 22 वर्षीय पुत्र विकास कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

डेढ़ वर्ष पूर्व विवाहित विकास की इस अकाल मौत से उसकी पत्नी संगम और स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दुर्घटना में बाइक पर सवार उसका साथी एतवारी सदा पिता गौरी सदा गंभीर रूप से घायल हो गया।

ई र‍िक्‍शा सवार पांच लोग घायल 

इसके अलावा, ई-रिक्शा पर सवार बदिया गांव जा रही दो महिलाओं और दो बच्चों सहित पांच लोग बुरी तरह जख्मी हो गए, जिनमें एक बच्चे की टांग टूटने से उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अरविंद कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

एक ही दिन में हुई इन दो दर्दनाक घटनाओं से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और हर कोई स्तब्ध है। बता दें कि विकास की पत्नी संगम अपनी पहली संतान को जन्म देनेवाली है। उसे यह टीस जीवन भर रहेगी कि उसका पति अपनी पहली संतान को भी नहीं देख सका। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।