बाढ़ के खतरे से निपटने को बनी रणनीति
खोदावंदपुर प्रशासन संभावित बाढ़ के खतरे से निपटने के लिए पूर्णत: तैयार है।
बेगूसराय। खोदावंदपुर प्रशासन संभावित बाढ़ के खतरे से निपटने के लिए पूर्णत: तैयार है। उक्त जानकारी एसडीओ मंझौल दुर्गेश कुमार ने गुरुवार को खोदावंदपुर प्रखंड मुख्यालय में कर्मियों के साथ बाढ़ पूर्व तैयारी को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक के बाद दी। एसडीओ के नेतृत्व में आयोजित समीक्षा बैठक में बूढ़ी गंडक नदी के तटबंध की सुरक्षा को लेकर चर्चा की गई। चर्चा के दौरान प्रखंड क्षेत्र के तटबंधों को 10 जोन में बांटा गया। तथा इसकी निगरानी के लिए दंडाधिकारी एवं कर्मियों को नियुक्त किया गया। नदियों के जलस्तर में वृद्धि एवं वर्षा से संभावित बाढ़ के समय जानमाल की सुरक्षा के लिए प्रखंड में ऊंचे स्थान का निर्धारण, आदमी एवं जानवरों की सुरक्षा, भोजन, आवास, परिवहन, दवा, प्रकाश, सुरक्षा आदि की बंदोबस्त का पूर्व निर्धारण करने को कहा गया। बैठक में बीडीओ अनुरंजन कुमार, सीओ संतोष कुमार श्रीवास्तव, बीएओ दिलीप कुमार, प्रभारी पीओ राजीव रंजन, एमओ विवेकानंद आदि मौजूद थे।