कुख्यात के बथान पर बन रही अपराध की योजना, दो गिरफ्तार
बेगूसराय। रतनपुर ओपी क्षेत्र के कुख्यात रामभरोसी सिंह के बथान पर अपराधियों के जमाबड़े की गुप्त सूचना पर पुलिस टीम ने दो बदमाशों को दो पिस्तौल छह जिदा कारतूस के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
बेगूसराय। रतनपुर ओपी क्षेत्र के कुख्यात रामभरोसी सिंह के बथान पर अपराधियों के जमाबड़े की गुप्त सूचना पर पुलिस टीम ने दो बदमाशों को दो पिस्तौल, छह जिदा कारतूस के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के विष्णुपुर चतुर्भुज निवासी रामबालक सिंह के पुत्र कन्हैया कुमार व रतनपुर निवासी संजय सिंह के पुत्र पुरूषोत्तम कुमार के रूप में हुई है।
इस संबंध में एसपी अवकाश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के बाद सदर डीएसपी राजन सिन्हा के नेतृत्व में नगर थाना, रतनपुर ओपी समेत चीता बल को शामिल करते हुए विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने अपराधियों के छिपे स्थान को चिन्हित कर घेराबंदी की और दोनों को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में रतनपुर ओपी में कांड संख्या 270/20 दर्ज किया गया है। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार कन्हैया की तलाश राजीव कुमार उर्फ गुजरा की हत्या में था। इस संबंध में मुफस्सिल थाना कांड संख्या 61/ 20 दर्ज था।