Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भाजयुमो कार्यकर्ताओं को कांग्रेसियों ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, करायी उठक-बैठक

    By Ravi RanjanEdited By:
    Updated: Fri, 17 Feb 2017 11:29 PM (IST)

    शिक्षामंत्री अशोक चौधरी के कार्यक्रम में काला झंडा दिखाकर विरोध करने पहुंचे भाजयुमों के कार्यकर्ताओं को कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जमकर पीटा। एक कार्यकर्ता से उठक-बैठक भी करवाया।

    भाजयुमो कार्यकर्ताओं को कांग्रेसियों ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, करायी उठक-बैठक

    बेगूसराय [जेएनएन]। केंद्र सरकार के नोटबंदी के खिलाफ कांग्रेस द्वारा गुरुवार को आयोजित जनवेदना सम्मेलन में शिरकत करने बेगूसराय पहुंचे राज्य के शिक्षा मंत्री डा. अशोक चौधरी का विरोध करने पहुंचे भाजयुमो कार्यकर्ताओं को कांग्रेसियों ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। भाजयुमो कार्यकर्ताओं की पिटाई में एनएसयूआइ के नेता व कार्यकर्ता भी शामिल थे। घटना के कारण कार्यक्रम स्थल से कुछ दूर भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    जानकारी के अनुसार, भाजयुमो कार्यकर्ता मृत्युंजय कुमार वीरेश के नेतृत्व में करीब सात कार्यकर्ता अपनी पांच सूत्री मांगों को लेकर शिक्षा मंत्री के खिलाफ आक्रोश मार्च निकाला और मंत्री को काला झंडा दिखा सम्मेलन स्थल के समीप पहुंच रहे थे। इसी दौरान नगर निगम चौक पर भाजयुमो कार्यकर्ताओं को देखते ही कांग्रेसी व एनएसयूआइ के कार्यकर्ताओं ने उन लोगों को खदेडऩा शुरू कर दिया तथा लाठी-डंडे से भाजयुमो कार्यकर्ताओं पर टूट पड़े। अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

    भाजयुमो कार्यकर्ता नगर थाना की ओर भागने लगे। इसपर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने भाजयुमो कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़ा कर पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान एक भाजयुमो कार्यकर्ता कांग्रेसी के चंगुल में फंस गए और उसकी जमकर पिटाई कर दी गई। कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने भाजयुमो के एक कार्यकर्ता को पकड़ कर उठक-बैठक भी कराया। बाद में स्थानीय लोगों के प्रयास से मामला शांत हुआ।

    इधर, मारपीट की सूचना पाकर एसपी रंजीत कुमार मिश्रा, एएसपी कुमार मयंक, सदर एसडीओ विनय कुमार, सदर एसडीपीओ राजेश कुमार, मटिहानी थानाध्यक्ष सुनील कुमार घटना स्थल पर पहुंचे तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को समझाकर शांत किया। इसके बाद एनएसयूआइ कार्यकर्ताओं ने भाजयुमो कार्यकर्ताओं की कार्यशैली के खिलाफ शहर में जुलूस निकाला। जिसका नेतृत्व निशांत कुमार और अभिषेक कुमार ने संयुक्त रूप से किया।

    यह भी पढ़ें: बिहार इंटरमीडिएट परीक्षा 2017: बहुत कुछ कहती है ये तस्वीर

    इधर भाजयुमो कार्यकर्ता मृत्युंजय कुमार वीरेश ने कहा कि शिक्षा मंत्री अपनी नाकामी को छिपाने और भाजयुमो कार्यकर्ताओं के डर से अपना रूट बदल लिया और बदमाशों से पिटाई कराई। संविधान में विरोध-प्रदर्शन करने का सभी लोगों को हक है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के युवा नेता रत्नेश कुमार टुल्लू ने बताया कि एक पार्टी के कार्यक्रम में आकर दूसरी पार्टी के कार्यकर्ताओं के द्वारा कार्यक्रम में व्यवधान डालना अनुचित है। पहले भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने मारपीट शुरू की थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस व एनएसयूआई ने नहीं बल्कि आम लोगों ने भाजयुमो कार्यकर्ता की पिटाई की है।

    यह भी पढ़ें: मोबाइल एप से चलता था हाइ-प्रोफाइल सेक्स रैकेट, पुलिस ने किया पर्दाफाश