विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 19, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

बेगूसराय में महिला की हत्या का खुला राज: पति ने ही दी थी सुपारी, खगड़िया के अपराधियों से हुई थी डील

By Umar KhanEdited By: Aditi Choudhary
Published: Sun, 19 Feb 2023 11:56 AM (IST)

बेगूसराय के बखरी में महिला की हत्या मामले में पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को महिला ...और पढ़ें

थाना पर रोती बिलखती मृतका की मां और उसे सहारा देता भाई। जागरण
थाना पर रोती बिलखती मृतका की मां और उसे सहारा देता भाई। जागरण

बखरी (बेगूसराय), संवाद सहयोगी। बेगूसराय के बखरी थाना क्षेत्र के जोकियाही पुल के पास दिनदहाड़े महिला की गोली मारकर हत्या मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। घटना के महज 24 घंटे के अंदर एसपी कार्यालय द्वारा जारी अपडेट में बताया गया है कि दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवार अपराधियों द्वारा महिला की हत्या उसके पति ने ही कराई है। पति ने भी महिला की हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। इसके बाद पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया है।

मालूम हो कि शुक्रवार को मोबाइल छीनने को लेकर हुए नोकझोंक में अपराधियों ने बलिया के बरबीघी गांव निवासी मोना देवी पति प्रशांत कुमार की कनपटी में गोली मार दी थी। इससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई थी। घटना के तुरंत बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार पुलिस टीम द्वारा करवाई प्रारंभ की गई।

पारिवारिक कलह से तंग आकर पति ने रची साजिश

जांच एवं अनुसंधान के क्रम में पूरा मामला पति प्रशांत के द्वारा ही पत्नी की हत्या की साजिश रचने की बात सामने आई। साथ ही यह भी पता चला कि प्रशांत ने पत्नी को मारने लिए खगड़िया के ही अपराधियों को सुपारी दी थी। जांच में पाया गया कि पत्नी के साथ लड़ाई-झगड़ा और गाली-गलौज से परेशान होकर उसके द्वारा यह षड्यंत्र रच कर हत्या की गई।

मंदिर जाने के दौरान अपराधियों ने मारी गोली

बताते चलें कि बरबीघी निवासी प्रशांत और बलिया के ही भगतपुर निवासी मोना ने वर्ष 2011 में प्रेम विवाह किया था। दोनों का साढे चार वर्ष का एक पुत्र आदर्श है। शुक्रवार की सुबह मोना अपने पति प्रशांत और पुत्र आदर्श के साथ गढ़पुरा के हरि गिरि धाम पूजा करने जा रही थी। इसी दौरान घटनास्थल पर दो बाइक सवार अपराधियों ने उसकी हत्या कर दी।

पति के झूठ ने खोला हत्या का राज

घटना के बाद उसके पति ने पुलिस को मोबाइल छीनने के दौरान हत्या की बात कहते हुए मोबाइल भी लूट लेने की बात कही थी। हालांकि, पुलिस ने मोबाइल महिला के पास से ही बरामद किया, जिससे मामला संदेहास्पद बन गया। इधर, बेटी की हत्या की सूचना पाकर बखरी थाना पहुंचे मृतका की मां, भाई एवं बहन ने मोना की हत्या का आरोप उसके पति पर ही लगाया।

पति का दूसरी लड़की से था प्रेम-प्रसंग

मायके वालों का कहना था कि किसी दूसरी लड़की से प्रशांत का चक्कर चल रहा है, जिसका मोना विरोध करती थी। इसी बात को लेकर साजिश के तहत मोना की हत्या पति ने ही कर दी। इधर, पुलिस ने मृतका की मां के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच आरंभ की तो सुबह की घटना शाम ढलते-ढलते पूरा साफ हो गया।

प्राथमिकी में प्रशांत समेत पांच लोग नामजद

बलिया के भगतपुर निवासी मृतका की मां शकुंतला देवी पति मनिक पोद्दार ने अपने दामाद प्रशांत सहित उसके डाक्टर भाई प्रभात कुमार, प्रभात की पत्नी डाक्टर दीपिका कुमारी, प्रशांत के पिता धर्मेंद्र पोद्दार और मां रेखा देवी को बेटी की हत्या में साजिशकर्ता बनाते हुए नामजद आरोपित बनाया है। हत्या कराने के पीछे प्रशांत का एक अन्य लड़की से नाजायज संबंध होना बताया गया है।