Bihar News: बिहार में SI पति पर SDO पत्नी ने लगाया गंभीर आरोप, खबर सुनकर सभी रह गए सन्न; ये है पूरा मामला
बिहार के बेगूसराय की एक घटना ने पूरे जिले में तहलका मचा दिया है। एक महिला ने अपने पुलिस अधिकारी पति के खिलाफ दहेज प्रताड़ना मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कराया है। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जागरण संवाददाता, बेगूसराय। विद्युत विभाग भागलपुर में एसडीओ के पद पर कार्यरत पत्नी प्रीतम कुमारी ने भागलपुर के बिहपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर निवासी एसआइ पति मिथिलेश कुमार कुणाल पर महिला थाने में दहेज प्रताड़ना, मारपीट व जान से मारने की आशंका जताते हुए प्राथमिकी अंकित कराई है।
पीड़िता के बयान पर महिला थाना बेगूसराय में प्राथमिकी अंकित कर मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। दोनों की शादी छह दिसंबर 2021 को हुई थी। प्राथमिकी में शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर गाली गलौज व प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया गया है।
पति पर मारपीट करने का आरोप
प्रीतम कुमारी ने अंकित प्राथमिकी में बताया है कि ससुराल में रहते हुए उनके पति छुट्टी पर आने के बाद मारपीट करते थे। इसी बीच उनका ट्रांसफर भागलपुर हो गया और वे वहीं डेरा लेकर ड्यूटी करने लगी। पति व ससुर आते-जाते रहते थे। 24 नवंबर 2022 को उन्होंने एक पुत्री को जन्म दिया।
पुत्री के जन्म के बाद पति समेत ससुराल पक्ष द्वारा मारपीट व प्रताड़ना दिए जाने का मामला बढ़ गया। ससुराल पक्ष व पति द्वारा दहेज देने या तलाक के कागज पर हस्ताक्षर करने का दबाव बनाया जाने लगा। इस दौरान उनकी पुत्री के साथ भी मारपीट की गई।
ससुराल पक्ष पर भी गंभीर आरोप
- बीते 24 नवंबर को वह मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सांख स्थित अपने मायके गई थी। इसी बची, ससुराल पक्ष के लोगों ने उनके कार्यालय जाकर गाली गलौज करते हुए अपमानित किया।
- वहीं मायके पहुंच उनके व उनके स्वजन के साथ मारपीट की। पति व ससुराल पक्ष से भयाक्रांत महिला ने अपनी हत्या की आशंका जताते हुए महिला पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
आम नागरिकों की समस्याओं का होगा त्वरित निराकरण : डीआइजी
उधर, नववर्ष का शुभारंभ होने पर बुधवार को बेगूसराय एवं खगड़िया परिक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक आशीष भारती ने हर्ल बरौनी कालोनी परिसर स्थित डीआइजी कार्यालय में अपना योगदान दिया।
इस दौरान गार्ड ऑफ आनर सलामी दी गई। इस दौरान एसपी मनीष, सदर डीएसपी- टू भास्कर रंजन, डीएसपी मुख्यालय सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी ने बुके देकर स्वागत किया।
डीआइजी आशीष भारती ने बेगूसराय एवं खगड़िया जिले वासियों को नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बेगूसराय बहुत ही महत्वपूर्ण क्षेत्र है।
उन्होंने कहा कि मेरी पहली प्राथमिकता होगी अपराध नियंत्रण, विधि व्यवस्था संधारण, पूर्ण शराबबंदी को सख्ती से लागू कराने सहित यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना।
उन्होंने कहा कि पुलिस मुख्यालय से जो दिशा निर्देश जारी होगा, उसका त्वरित पालन करते हुए आम लोगों की सुरक्षा सेवा के साथ समस्याओं का निराकरण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मीडिया बंधुओं, वरिष्ठ नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं के सहयोग के बेहतर पुलिसिंग की जाएगी। इसके पूर्व निवर्तमान डीआइजी विकास कुमार ने डीआइजी आशीष भारती को बुके देकर स्वागत किया।
साथ ही निवर्तमान डीआइजी विकास कुमार को विदाई दी गई। इस अवसर पर एसपी मनीष, प्रशिक्षु एसपी साक्षी कुमारी, सदर डीएसपी सुबोध कुमार, सदर डीएसपी- टू भास्कर रंजन, डीएसपी संजीव कुमार गुप्ता आदि पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।
यह भी पढ़ें-
DIG बनने के बावजूद अपने-अपने जिले में बने रहेंगे 2 कप्तान, विभाग से मिला है ये आदेश
सुनील सिंह की विधान परिषद वाली सीट JDU के खाते में, BJP से बन गई बात; यहां समझें पूरा नंबर गेम
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।