भूत के डर से रात में छोड़ा आशियाना, चोरों ने उठाया फायदा; बेगूसराय में एक घर से लाखों की चोरी
बखरी के मीरकलापुर गांव में अंधविश्वास के चलते एक परिवार ने रात में अपना नया घर खाली छोड़ दिया, जिसका ...और पढ़ें

घर में चोरी के बाद बिखरा सामान। फोटो जागरण
HighLights
अंधविश्वास के कारण परिवार ने रात में घर खाली छोड़ा।
चोरों ने 1.3 लाख नकद और लाखों के जेवरात चुराए।
गैस कटर का उपयोग कर घर में घुसकर चोरी की।
संवाद सहयोगी, बखरी (बेगूसराय)। बखरी थाना क्षेत्र के मीरकलापुर गांव में अंधविश्वास ने एक गृहस्वामी को भारी नुकसान पहुंचाया है। इस चक्कर में मकान मालिक के बंद घर से चोरों ने 1.3 लाख नकद समेत लाखों के जेवरात एवं अन्य सामानों की चोरी कर ली।
शनिवार को घटना का खुलासा गृहस्वामी के घर खोलने के बाद हुआ। थाना को दिए आवेदन में गृहस्वामी उषा देवी ने कहा कि उन्होंने गांव में अपना नया मकान बनाया है, लेकिन वह उक्त घर में दिनभर रहने के बाद रात्रि में अपने पुराने घर चली जाती हैं। इसी क्रम में शुक्रवार की देर शाम उन्होंने अपने नए घर को बंद कर पुराने घर सोने के लिए चली गई।
शनिवार को लगभग आठ बजे जब वह अपने नये घर पहुंची तो घर के मुख्य द्वार का ताला टूटा मिला। गैस कटर से काटकर अपराधी परिसर में घुसे। फिर अंदर के दरवाजे पर लगे ताला को काटकर घर में घुसे और दोनों कमरों, उसमें रखे गोदरेज आदि का ताला तोड़कर घर से सामानों की चोरी कर ली।
छानबीन के बाद पता चला कि चोरों ने घर में रखे दोनों गोदरेज के ताले को तोड़कर उसमें रखे 1.3 लाख रुपये नकद समेत दो भरी सोने के जेवरात एवं अन्य जेवरातों के साथ इनवर्टर, बैट्री, टीवी, गैस सिलिंडर, बेटी की शादी के लिए खरीदे गए दो बोरे में रखे फूल, स्टील और फाइबर के बर्तन चुरा ले गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद तहकीकात में जुट गई है। पुलिस की पूछताछ में महिला ने नये घर में नहीं रहने का कारण घर के बगल में कब्रिस्तान को कारण बताया।
महिला ने बताया कि उनके उक्त घर से सटे पीछे कब्रिस्तान की जमीन ली गई है, जिसमें गांव के मुर्दे को दफनाया गया है। इससे बच्चे रात में डरते हैं और घर में सोना नहीं चाहते। इसलिए वे लोग रात्रि में पुराने घर में रहते हैं।
इधर चोरी की इस घटना से गांव के लोगों में दहशत देखी जा रही है। बता दें कि इन दिनों थाना क्षेत्र में चोरों का उत्पात काफी बढ़ गया है।
यह भी पढ़ें- औरंगाबाद में नाबालिग से गैंगरेप केस में लव एंगल, बेटी के बयान बदलने पर पिता ने की पिटाई
