विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गांव की मिट्टी से कॉमनवेल्थ के स्वर्णिम मंच तक पहुंची बेगूसराय की रिया, एशियन गेम्स में भी गोल्ड जीतने का टारगेट

Published: Wed, 04 Nov 2026 04:20 PM (IST)

रिया कुमारी ने कॉमनवेल्थ गेम्स कबड्डी प्रतियोगिता में भारतीय महिला टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर बेगूसराय और बिहार का नाम रोशन किया है।

गांव की मिट्टी से कॉमनवेल्थ के स्वर्णिम मंच तक पहुंची बेगूसराय की रिया

गांव की मिट्टी से कॉमनवेल्थ के स्वर्णिम मंच तक पहुंची बेगूसराय की रिया

सरोज कुमार, बीहट (बेगूसराय)। बेटियां आज किसी भी क्षेत्र में बेटों से कम नहीं हैं। सामाजिक कुरीतियों और लोगों के तानों की परवाह किए बिना अपनी मेहनत और हौसले के दम पर बेटियां सफलता की नई इबारत लिख रही हैं।

इसकी मिसाल बेगूसराय जिले के बीहट नगर परिषद के वार्ड संख्या 29 स्थित जागीर टोला रतन चौक निवासी रिया कुमारी ने पेश की है।

साधारण किसान सिकंदर सिंह और गृहिणी वैजयंती देवी की पुत्री रिया ने कॉमनवेल्थ गेम्स कबड्डी प्रतियोगिता में भारतीय महिला टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर जिले और बिहार का नाम रोशन किया है।

रिया ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2015 में गांव की मिट्टी से कबड्डी खेलने की शुरुआत की थी। शुरुआती दौर में सामाजिक ताने और कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी।

गर्ल्स स्कूल बीहट के मैदान में सीनियर महिला खिलाड़ियों के साथ अभ्यास कर खेल की बारीकियां सीखीं और लगातार आगे बढ़ती रहीं।

उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय स्पोर्टिंग क्लब बीहट के चेयरमैन श्याम नंदन सिंह पन्नालाल, बिहार राज्य कबड्डी संघ के चेयरमैन कुमार विजय सहित अन्य पदाधिकारियों के मार्गदर्शन और सहयोग को दिया।

रिया ने बताया कि एशियन गेम्स, वर्ल्ड कप एवं कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप के लिए आयोजित पांच कैंप में हिस्सा ले चुकी हैं। कई जूनियर, सब-जूनियर और सीनियर प्रतियोगिताओं में भी अपनी प्रतिभा दिखा चुकी हैं।

रिया के अनुसार, बीहट कबड्डी खेल की नर्सरी है। यहां की दर्जनों लड़कियां कबड्डी के माध्यम से सरकारी नौकरी हासिल कर चुकी हैं।

एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतना रिया का अगला लक्ष्य:

रिया का अगला लक्ष्य एशियन गेम्स में भारतीय महिला टीम का हिस्सा बनकर फिर से स्वर्ण पदक जीतना है। उन्होंने बेटियों को संदेश दिया कि जिस क्षेत्र में उनकी रुचि हो, उसी में पूरी लगन और मेहनत से आगे बढ़ें। सफलता एक दिन जरूर मिलेगी।

वर्तमान में रिया बख्तियारपुर इंजीनियरिंग कॉलेज में कार्यरत हैं और खेल प्राधिकरण, पटना में प्रतिनियुक्त हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।