विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेगूसराय के इस कलाकार का बजा देश-दुनिया में डंका, भारत-नेपाल के PM के सामने किया परफॉर्म, पिता से सीखी तबले की थाप

Published: Wed, 25 Nov 2026 06:55 PM (IST)

बेगूसराय के प्रदीप कुमार पाठक ने कथक, तबला और गायन में महारत हासिल कर भारतीय शास्त्रीय संगीत में अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने भारत और नेपाल के प्रधानमंत्रियों के समक्ष प्रस्तुति दी है और अपनी संस्था 'कला चैतन्य' के माध्यम से नई पीढ़ी को प्रशिक्षित कर रहे हैं।

बेगूसराय के प्रदीप पाठक ने प्रधानमंत्री के सामने दिखाई कथक की प्रतिभा

बेगूसराय के प्रदीप पाठक ने प्रधानमंत्री के सामने दिखाई कथक की प्रतिभा

HighLights

  1. कथक, तबला और गायन में प्रदीप कुमार पाठक की महारत।

  2. भारत-नेपाल के प्रधानमंत्रियों के समक्ष कला का प्रदर्शन।

  3. अपनी संस्था 'कला चैतन्य' से दे रहे संगीत शिक्षा।

जागरण संवाददाता, बेगूसराय। घर में संगीत का माहौल, पिता से मिली सुरों की पहली समझ और वर्षों की कठिन साधना। इन्हीं के दम पर बेगूसराय के एक कलाकार ने भारतीय शास्त्रीय संगीत की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। मुंगेरीगंज निवासी प्रदीप कुमार पाठक आज कथक, तबला वादन और गायन की तीनों विधाओं में अपनी प्रतिभा का परिचय दे रहे हैं।

उन्हें भारत और नेपाल के प्रधानमंत्रियों के समक्ष अपनी कला प्रस्तुत करने का अवसर मिल चुका है। एक छोटे से शहर से निकलकर देश-विदेश के प्रतिष्ठित मंचों तक पहुंचने वाले प्रदीप की यह यात्रा संगीत के प्रति समर्पण और निरंतर साधना की कहानी है।

पिता की उंगलियों से सीखी तबले की थाप, बचपन से जुड़ा संगीत से नाता

प्रदीप कुमार पाठक को संगीत की शुरुआती शिक्षा अपने पिता पंडित अरविंद कुमार पाठक से मिली। उनके पिता शास्त्रीय संगीत के प्रतिष्ठित गुरु और कलाकार हैं। घर में पहले से ही संगीत का वातावरण होने के कारण प्रदीप का जुड़ाव बचपन से ही सुर और ताल से हो गया था।

पिता के सान्निध्य में तबले की संगत करते हुए उन्होंने संगीत की बारीकियों को समझना शुरू किया। यही शुरुआती सीख आगे चलकर उनके जीवन की सबसे बड़ी साधना बन गई।

कथक की दुनिया में कदम, दिल्ली के कथक केंद्र में लिया प्रशिक्षण

तबला वादन के साथ प्रदीप ने कथक को भी अपनी साधना का हिस्सा बनाया। उन्होंने श्री कृष्णमोहन गिरी से कथक की विधिवत शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद दिल्ली स्थित कथक केंद्र में उच्चस्तरीय प्रशिक्षण लेकर अपनी कला को और निखारा। शास्त्रीय नृत्य की तकनीक, भाव और लय पर उनकी पकड़ लगातार मजबूत होती गई।

देश के दिग्गज गुरुओं से सीखी कला की बारीकियां

प्रदीप की कलात्मक यात्रा में कई प्रतिष्ठित गुरुओं का योगदान रहा है। उन्हें पंडित कृष्ण मोहन महाराज, पंडित जयकिशन महाराज, विदुषी मालती श्याम, पंडित समीर भट्टाचार्य और प्रवीर मित्रा जैसे कलाकारों का मार्गदर्शन मिला।

इन गुरुओं के सान्निध्य में उन्होंने कथक और भारतीय शास्त्रीय संगीत की बारीकियों को समझा। निरंतर अभ्यास और प्रशिक्षण ने उन्हें एक बहुआयामी कलाकार के रूप में स्थापित किया।

कथक, तबला और गायन में हासिल की स्नातकोत्तर उपाधि

प्रदीप कुमार पाठक की खासियत यह है कि उन्होंने अपनी प्रतिभा को किसी एक विधा तक सीमित नहीं रखा। उन्होंने कथक, तबला वादन और गायन तीनों विषयों में स्नातकोत्तर उपाधि हासिल की है।

वर्षों की साधना के बाद वह कुशल कथक नर्तक, तबला वादक और संगीत संयोजक के रूप में पहचान बना चुके हैं। प्रसार भारती की बी-ग्रेड कलाकारों की सूची में भी उनका नाम कथक विधा के अंतर्गत दर्ज है।

भारत और नेपाल के प्रधानमंत्रियों के सामने पेश कर चुके हैं कला

बेगूसराय के प्रदीप पाठक को अपनी कला का प्रदर्शन देश के प्रतिष्ठित मंचों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी करने का अवसर मिला है। खास उपलब्धि यह रही कि उन्होंने भारत और नेपाल के प्रधानमंत्रियों के समक्ष भी अपनी प्रस्तुति दी है।

इसके अलावा विदेशों में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी उन्होंने भारतीय शास्त्रीय कला का प्रदर्शन किया है। उनकी उपलब्धियां बेगूसराय की सांस्कृतिक पहचान को भी नई पहचान देती हैं।

अपनी संस्था से नई पीढ़ी को दे रहे संगीत और नृत्य की शिक्षा

प्रदीप केवल मंचों पर प्रस्तुति देने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि भारतीय शास्त्रीय कला को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने में भी जुटे हैं। अपनी संस्था 'कला चैतन्य' के माध्यम से वह संगीत और नृत्य का प्रशिक्षण देते हैं।

इसके साथ ही नए कलाकारों को मंच उपलब्ध कराने और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में काम कर रहे हैं। भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद और संस्कृति मंत्रालय के सांस्कृतिक संसाधन एवं प्रशिक्षण केंद्र से भी उनका जुड़ाव रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।