बेगूसराय में घर के पास थूकने को लेकर हुआ विवाद, सुबह युवक को सिर में मारी गोली; पिता की भी हो चुकी है हत्या
बेगूसराय के परिहारा गांव में थूकने के मामूली विवाद को लेकर एक युवक रविभूषण सहनी को सिर में गोली मार ...और पढ़ें

सिर में फंसी गोली, हालत गंभीर
HighLights
बेगूसराय में थूकने के मामूली विवाद पर युवक को गोली मारी।
रविभूषण सहनी गंभीर रूप से घायल, गोली सिर में फंसी है।
पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही, जांच जारी।
संवाद सहयोगी, बखरी (बेगूसराय)। परिहारा थाना क्षेत्र के परिहारा गांव में गुरुवार सुबह आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। न्यू मार्केट के पास पीपल के पेड़ के नजदीक करीब 10:15 बजे 34 वर्षीय रविभूषण सहनी को सिर में गोली मार दी गई। वारदात के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल रविभूषण को आनन-फानन में इलाज के लिए बेगूसराय भेजा गया।
थूक फेंकने की बात पर रात में हुआ था विवाद
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, घटना की पृष्ठभूमि में मामूली विवाद बताया जा रहा है। चर्चा है कि बुधवार रात घर के पास थूक फेंकने को लेकर रविभूषण सहनी और उनके पड़ोसी के बीच कहासुनी हुई थी।
आरोप है कि इसी विवाद के बाद गुरुवार सुबह पड़ोसी युवक ने रविभूषण को गोली मार दी। हालांकि, पुलिस ने अभी घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
सिर में फंसी गोली, हालत गंभीर
स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गोली रविभूषण के सिर के अगले हिस्से में जाकर फंस गई। इससे उनकी हालत गंभीर हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिहारा पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। स्वजन और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल बेगूसराय भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
पुलिस की छापेमारी, आवेदन का इंतजार
परिहारा पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
स्वजन की ओर से फर्द बयान या लिखित आवेदन मिलने के बाद घटना के कारणों और आरोपित की पहचान को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
तीन दशक पहले पिता की भी हुई थी हत्या
इस घटना के बाद ग्रामीणों के बीच एक पुरानी वारदात की चर्चा भी हो रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब तीन दशक पहले रविभूषण सहनी के पिता की भी अपराधियों ने हत्या कर दी थी।
फिलहाल पुलिस मौजूदा घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच और पुलिस की आधिकारिक जानकारी के बाद ही हो सकेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।