बाॅडीगार्ड और हथियार का लाइसेंस के लिए खुद चलवाई गोली! बेगूसराय में कांग्रेस नेता की साजिश का पर्दाफाश
पुलिस ने कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष कुमार गौरव की गाड़ी पर गोलीबारी की साजिश का पर्दाफाश किया है। गौरव ने बॉडीगार्ड और हथियार लाइसेंस पाने के लिए खुद ही अपने सहयोगियों से गोली चलवाई थी, जिसमें तीन आरोपी गिरफ्तार हुए।

बेगूसराय में कांग्रेस नेता समेत तीन गिरफ्तार। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
पुलिस ने कांग्रेस नेता पर गोलीबारी की साजिश का खुलासा किया।
बॉडीगार्ड और हथियार लाइसेंस के लिए खुद ही करवाई थी फायरिंग।
मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, हथियार और बाइक बरामद।
जागरण संवाददाता, बेगूसराय। कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष कुमार गौरव की सफारी गाड़ी पर गोलीबारी की घटना का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, बाॅडीगार्ड और हथियार का लाइसेंस हासिल करने के उद्देश्य से खुद कुमार गौरव ने ही अपने सहयोगियों के माध्यम से गाड़ी पर गोली चलवाने की साजिश रची थी।
मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक देसी पिस्टल, सात जिंदा गोलियां, छह मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, एक स्कार्पियो और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए गए हैं।
तीन गिरफ्तार, पिस्टल, सात गोलियां और बाइक बरामद
18 नवंबर को कुमार गौरव की सफारी गाड़ी पर दो बाइक सवार बदमाशों ने गोलीबारी की थी। घटना के बाद वरीय पुलिस उपाधीक्षक पंकज कुमार के निर्देश पर एसटीएफ एसओजी-03 और डीआइयू की संयुक्त टीम गठित की गई।
तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने 21 नवंबर को तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों में कमलेश कुमार उर्फ अभिनव, नन्हू कुमार और नितेश कुमार शामिल हैं।
कमलेश को उसके घर से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा गया। उसकी निशानदेही पर नन्हू और नितेश को नगर थाना क्षेत्र से हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया।
कर्मचारियों के जरिए रची गई थी साजिश
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में कमलेश ने बताया कि वह और नन्हू कुमार गौरव के यहां गाड़ी चलाने और किराया वसूलने का काम करते थे।
कुमार गौरव को हथियार का लाइसेंस और बाॅडीगार्ड नहीं मिल रहा था। इसी कारण उन्होंने कथित तौर पर गाड़ी पर गोली चलवाने की योजना बनाई।
कमलेश ने नितेश और शिवम को इस काम के लिए तैयार किया था। कपस्या-हर्रख स्थित उसके डेरे पर इस संबंध में बैठक हुई थी और कुमार गौरव से मुलाकात भी कराई गई थी।
जमीन देखने के बहाने बुलाकर फायरिंग
साजिश के मुताबिक, 18 नवंबर को कुमार गौरव सुबह 11 बजे घर से निकले। नन्हू उनकी गाड़ी चला रहा था, जबकि कमलेश ने अपनी मोटरसाइकिल नितेश और शिवम को दी थी।
पापरौर कब्रिस्तान के पास जमीन देखने के बहाने पहुंचने के दौरान नितेश और शिवम ने सफारी गाड़ी पर गोलियां चलाईं और फरार हो गए।
कमलेश मोबाइल पर व्हाट्सएप काल के जरिए दोनों के संपर्क में था। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों को आगे की कार्रवाई के लिए जीरो माइल थाना पुलिस को सौंप दिया है। आरोपितों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।