विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेगूसराय में हादसा: शादी समारोह के लिए टेंट लगाते समय 4 कामगारों को लगा करंट, दो की गई जान

Published: Tue, 24 Nov 2026 11:59 AM (IST)

बखरी नगर में शादी समारोह के लिए टेंट लगाते समय चार कामगार हाई-वोल्टेज तार की चपेट में आ गए, जिससे दो की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल है। 

सज्‍जन की मौत पर परिवार में मचा कोहराम। जागरण

सज्‍जन की मौत पर परिवार में मचा कोहराम। जागरण

HighLights

  1. बखरी में टेंट लगाते समय चार कामगारों को लगा करंट।

  2. हादसे में दो की मौत, एक गंभीर रूप से घायल।

  3. बिजली विभाग की लापरवाही से 11 हजार तार नीचे लटका था।

संवाद सहयोगी, बखरी (बेगूसराय)। बखरी नगर में सोमवार की देर रात शादी समारोह के लिए टेंट लगाते समय चार कामगार हाईवोल्‍टेज तार की चपेट में आ गए।

इसमें दो की मौत हो गई। एक की हालत गंभीर बनी हुई है। चौथे कामगार को हल्‍का झटका लगने के कारण इलाज के बाद घर भेज द‍िया गया। 

मृतकों में वार्ड 24 निवासी रतन यादव के पुत्र सज्‍जन कुमार (40) और बखरी थाना क्षेत्र के ही करकौली निवासी उमेश महतो के पुत्र सौरभ कुमार (30) शामिल हैं। 

26 नवंबर को होनेवाली शादी के ल‍िए कर रहे थे काम 

नगर परिषद के वार्ड 26 के सुग्गा रोड में 26 नवंबर को एक शादी समारोह के लिए टेंट लगाया जा रहा था। लवली टेंट हाउस के कामगार रात में लरी लगाने में जुटे थे। 

लोहे की सीढ़ी पर चढ़कर लरी लगाते समय चारों ऊपर से गुजर रहे हाई वोल्‍टेज तार के संपर्क में आ गए। करंट लगने के बाद वे छटपटाने लगे।

स्‍थानीय लोगों की सहायता से चारों को बखरी पीएचसी पहुंचाया गया। वहां डाक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया। जबकि एक को बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय भेजा गया है।

आंशिक रूप से घायल युवक को इलाज के बाद घर भेज दिया गया है। इधर घटना के बाद लोगों में बिजली विभाग के प्रति आक्रोश देखा जा रहा है।

बिजली व‍िभाग पर लोगों ने लगाया लापरवाही का आरोप 

लोगों का कहना है कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण युवकों की जान गई है। बताते हैं कि सुग्गा रोड में 11 हजार का हाइ वोल्टेज तार काफी नीचे लटका हुआ है।

घटनास्थल पर तो यह तार 11 से 12 फीट की ऊंचाई पर है। विभाग से इसे उपर करने के लिए बार बार कहा गया। लेकिन विभाग के कानों पर जूं तक नहीं रेंगती।

इससे शादी समारोहों और काली मेला आदि के मौके पर लोगों को हर समय किसी अनहोनी की आशंका सताती रहती है। घटना से स्वजनों में कोहराम मचा हुआ है। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।