बीडीओ के चालक की मौत से पांच बच्चों का निवाला छिना
बेगूसराय। साहेबपुर कमाल बीडीओ के चालक बटोरन चौधरी की हत्या के बाद उनके पांच बच्चे बेसहारा हो गए हैं।
बेगूसराय। साहेबपुर कमाल बीडीओ के चालक बटोरन चौधरी की हत्या के बाद उनके पांच बच्चे बेसहारा हो गए हैं। परिजनों के चीत्कार से साहेबपुर कमाल पश्चिम पंचायत के नवटोलिया में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। पत्नी नीला देवी रोते-रोते बेहोश हो जा रही है।
बटोरन के भाई बेचन चौधरी ने बताया कि मृतक को सात बच्चे हैं। जिसमें पांच पुत्री एवं दो अबोध पुत्र है। एक पुत्री पूजा की शादी हो चुकी है। जबकि लाली कुमारी, राधा कुमारी, रुक्मिणी कुमारीद वहीं दो पुत्र पांडव एवं हरि पढ़ाई कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि बटोरन के पास रहने के लिए घर नहीं था। वह विगत 10 वर्षों से बीडीओ के सरकारी वाहन पर निजी चालक के रूप में कार्यरत था। उसके परिजनों के भरण पोषण का एकमात्र सहारा चालक के कार्य से प्राप्त वेतन ही था। परंतु, अब तो वह भी छिन गया। बटोरन की पत्नी एवं उनके बच्चों के समक्ष भरण-पोषण की समस्या उत्पन्न हो गई है।
बताते चलें कि शनिवार को साहेबपुर कमाल के बीडीओ के चालक साहेबपुर कमाल पश्चिम पंचायत के नवटोलिया ग्राम निवासी बटोरन चौधरी की हत्या दबंगों ने कुल्हाड़ी से वार कर उस समय कर दी जब वे डेढ़ वर्ष पूर्व मिले एक कट्ठा बासगीत के पर्चे की भूमि पर गृह निर्माण करवा रहे थे। दबंगों द्वारा उन्हें बराबर परेशान किया जा रहा था। इसकी शिकायत पर पुलिस प्रशासन द्वारा उन्हें उक्त भूमि पर दखल-कब्जा दिलाया गया था। बावजूद दबंगों द्वारा उन्हें बराबर परेशान किया जा रहा था। शनिवार को दबंगों ने गृह निर्माण के दौरान कुल्हाड़ी से वार कर उनकी हत्या कर दी। इधर थानाध्यक्ष सुदीन राम ने बताया कि पीड़ित परिवार से मिले आवेदन के आधार पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस हत्यारे की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।