Banka: पति से फोन पर झगड़े के बाद महिला ने दो बच्चों संग खाया जहर, मां और बेटे की मौत, बेटी की हालत गंभीर
Suicide in Banka महिला ने आठ साल की बेटी और सात साल के बेटे के साथ कीटनाशक पदार्थ खा लिया। महिला का पति कश्मीर में मजदूरी करता है। वहीं कुछ लोग अवैध संबंध के कारण सामूहिक आत्महत्या की बात कह रहे हैं।
जागरण संवादाता, बांका। नवादा सहायक थाना क्षेत्र के कोतवाली गांव में गुरुवार की सुबह एक महिला ने अपने दो बच्चों के साथ जहर खा लिया। महिला और उसके बेटे की मौत हो गई, जबकि बेटी को गंभीर हालत में अस्पताल में अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही नवादा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। ग्रामीणों ने बताया कि महिला का पति राज्य के बाहर रहता है। बताया जा रहा है कि महिला का फोन पर पति से विवाद हो गया था। उसके बाद महिला ने आठ साल की बेटी और सात साल के बेटे के साथ कीटनाशक पदार्थ खा लिया। जिसमें मां और बेटे की मौके पर मौत हो गई। जबकि बेटी को गंभीर अवस्था में भागलपुर रेफर किया गया है।
थानाध्यक्ष दीपक पासवान ने बताया कि मां और बेटे के शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया गया है। वैसे घटना के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है।
जानकारी के अनुसार कोतवाली निवासी गुरुदेव साह की 34 साल की पत्नी चंपा देवी बच्चों के साथ घर में थी। उसका पति कश्मीर में रहकर मजदूरी करता है। बताया जा रहा है कि परिवारिक विवाद में फोन पर पति से बात करने के दौरान नोकझोंक हो गई। इससे गुस्साईचंपा देवी ने बेटी और बेटे के साथ मिलकर कीटनाशक खा लिया।
घर से अचानक शोर की आवाज सुनकर आसपास के लोग घर की ओर दौड़े, अंदर जाकर देखा तो देखा कि सभी घर में जमीन पर गिरे थे। इस दौरान देखते ही देखते मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। जिसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। नवादा थानाध्यक्ष पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
मृतक महिला की बेटी को गंभीर अवस्था में देखते हुए आनन-फानन में इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया गया। इधर कुछ ग्रामीणों ने अवैध संबंध के कारण सामूहिक आत्महत्या करने की बात कह रहे हैं। इस घटना को लेकर गांव में मातम पसरा हुआ है।
थानाध्यक्ष दीपक पासवान ने बताया कि घटना के सही कारणों का पता अभी नहीं चल पाया है। मृतका के परिजनों के फर्द बयान लेने के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना को लेकर हर बिंदुओं पर जांच कर रही है।