कागजों पर छोला, थाली में 'पानी वाली खिचड़ी'; बांका के सरकारी स्कूलों में मिड-डे-मील भोजन में भारी लापरवाही
बांका के सरकारी स्कूलों में मध्याह्न भोजन योजना (एमडीएम) की गुणवत्ता और निर्धारित मेन्यू के पालन में गंभीर लापरवाही सामने आई है।

पानी वाली खिचड़ी
HighLights
बांका स्कूलों में मध्याह्न भोजन गुणवत्ता और मेन्यू उल्लंघन।
बच्चों को लाल चना छोला की जगह खिचड़ी-चोखा परोसा गया।
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने अनियमितताओं की जांच के आदेश दिए।
संवाद सहयोगी, बौंसी (बांका)। सरकारी स्कूलों में बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित मध्याह्न भोजन योजना (एमडीएम) की गुणवत्ता और निर्धारित मेनू के पालन में लापरवाही सामने आ रही है।
बुधवार को दैनिक जागरण की पड़ताल में प्रखंड के कई स्कूलों में निर्धारित मेन्यु के अनुरूप भोजन नहीं परोसे जाने का मामला सामने आया। कहीं हरी सब्जियां गायब थीं तो कहीं लाल चना की तुलना में आलू की मात्रा अधिक दिखी। इससे बच्चों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
दाल की खिचड़ी और आलू का चोखा दिया जा रहा
उत्क्रमित मध्य विद्यालय काजीकैरी में बुधवार को निर्धारित मेन्यू के अनुसार चावल के साथ लाल चना का छोला परोसा जाना था, जिसमें आलू की मात्रा कम रखनी थी। इसके विपरीत बच्चों को बिना हरी सब्जियों वाली नाममात्र की दाल की खिचड़ी और आलू का चोखा दिया जा रहा था।
पूछने पर प्रधानाध्यापक मारुफ अंसारी ने दावा किया कि मेनू में खिचड़ी-चोखा ही निर्धारित है। विद्यालय में 395 बच्चे नामांकित हैं, जबकि बुधवार को 280 बच्चों की उपस्थिति दर्ज थी। वहीं, महज छह कमरों में करीब 400 बच्चों की पढ़ाई की व्यवस्था भी विद्यालय की स्थिति को उजागर करती दिखी।
453 नामांकित बच्चों में से 220 उपस्थित
मध्य विद्यालय कैरी में 453 नामांकित बच्चों में से 220 उपस्थित मिले। यहां भी मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं दिखी। निर्धारित मेन्यू में लाल चना का छोला दिए जाने का प्रविधान है, लेकिन भोजन में चना की अपेक्षा आलू की मात्रा अधिक थी।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पहले ही एमडीएम आरपी ने विद्यालय का निरीक्षण किया था। इसके बावजूद निर्धारित मेनू का पालन नहीं होना लापरवाही को दर्शाता है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी देवनारायण पंडित ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। अनियमितता की पुष्टि होने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
सप्ताह का निर्धारित एमडीएम मेन्यू
- सोमवार व गुरुवार: चावल के साथ हरी सब्जी युक्त मिश्रित दाल तड़का।
- मंगलवार: चावल के साथ सोयाबीन-आलू की सब्जी।
- बुधवार: चावल के साथ कम आलू वाला लाल चना का छोला।
- शुक्रवार: चावल, लाल चना का छोला और एक उबला अंडा या 100 ग्राम मौसमी फल।
- शनिवार: हरी सब्जी युक्त खिचड़ी और चोखा।
यह भी पढ़ें- टेबल पर पैर रखकर सोए HM और पैसे वसूलने वाले हेडमास्टर पर गिरी गाज, बांका में 3 शिक्षक नपे
