चौक पर पसरा सन्नाटा, पूरे शहर में एक गश्ती वाहन
बांका। बांका थाना क्षेत्र में चोरी का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। नई पुलिस अधीक्षक ने जिम्मेदारी संभालने के बाद इस संबंध में कई सख्त कदम उठाते हुए पुलिस को ऑन रोड रहने का फरमान दिया पर गुरुवार रात बांका शहर की सुरक्षा में एक गश्ती वाहन नाकाफी दिखा।
बांका। बांका थाना क्षेत्र में चोरी का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। नई पुलिस अधीक्षक ने जिम्मेदारी संभालने के बाद इस संबंध में कई सख्त कदम उठाते हुए पुलिस को ऑन रोड रहने का फरमान दिया पर गुरुवार रात बांका शहर की सुरक्षा में एक गश्ती वाहन नाकाफी दिखा। ढ़ाकामोड़ के बाद चांदन नदी पुल तक सड़क पर कहीं पुलिस नहीं दिखी। शहर में प्रवेश पर शास्त्री चौक, मुख्य शहर का शिवाजी चौक, गांधी चौक, आजाद चौक से लेकर प्रखंड मुख्यालय गेट तक कहीं पुलिस नजर नहीं आई। सुरक्षा के नाम पर कहीं चौकीदार और होमगार्ड भी नजर नहीं आया। अब शिवाजी चौक से डोकानियां मार्केट की तरफ बढ़ने पर अलीगंज के पास पुलिस गश्ती वाहन गुजरती दिख गई। इससे आगे विजयनगर चौक, डीएम कोठी चौक तक फिर पुलिस नदारत है। अब अगर शहर के किसी इलाके में कुछ हो जाय तो एक गश्ती वाहन को दूसरे चौक पर वापस आने में ही सुबह हो जाएगी। जबकि, इसी गश्ती वाहन को बेलहर रोड में गोड़ा बाजार तक 18 किलोमीटर की दूरी और इसके आसपास के गांव, कटोरिया रोड में दौना मोड़ तक 15 किलोमीटर का इलाका देखना है। लगातार बढ़ी चोरी के बाद एसपी ने थानेदार को भी बदल दिया। पर इतने कम संसाधनों से इतने बड़े क्षेत्र की निगरानी कर पाना मुश्किल है। इसका लाभ लेकर रात को बालू चोर गिरोह भी ट्रैक्टर को फर्राटा मरवा बालू चोरी कर रहा है। पुलिस के लिए रात को इसे पकड़ना भी मुश्किल हो जाता है।