98 हजार तक सब्सिडी चाहिए तो करें यह काम, 'पीएम सूर्य घर' योजना से घरों को करें रोशन और बची हुई बिजली ग्रिड को दें
PM Surya Ghar Free Solar Scheme Banka Target Subsidy: बांका जिला प्रशासन 'प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' के तहत ...और पढ़ें

PM Surya Ghar Free Solar Scheme Banka Target Subsidy: फ्री में मिलने वाले 1kW सोलर और 98,000 रुपये तक के बंपर अनुदान का पूरा गणित
HighLights
बांका में 10,000 परिवारों को मिलेगा पीएम सूर्य घर योजना का लाभ।
BPL परिवारों को 1 किलोवाट सोलर प्लांट बिल्कुल मुफ्त मिलेगा।
सामान्य उपभोक्ताओं को 98 हजार रुपये तक की भारी सब्सिडी उपलब्ध।
संवाद सूत्र, बांका। PM Surya Ghar Free Solar Scheme Banka Target Subsidy: पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आम उपभोक्ताओं को महंगे बिजली बिलों से स्थायी राहत दिलाने के उद्देश्य से बांका जिला प्रशासन और विद्युत विभाग पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी 'प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' को बड़े पैमाने पर धरातल पर उतारा जा रहा है।
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बांका जिले के 10 हजार परिवारों की छतों पर सोलर प्लांट स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। योजना के माध्यम से घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को बिजली बिल से राहत देने के साथ ही स्वच्छ और सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा।
कुटीर ज्योति (BPL) परिवारों को मिलेगा पूरी तरह मुफ्त 1 किलोवाट का सोलर
योजना में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विशेष राहत दी गई है। बांका जिले के कुटीर ज्योति श्रेणी (BPL) के उपभोक्ताओं के घरों की छत पर एक किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट बिल्कुल निश्शुल्क (फ्री) स्थापित किया जाएगा। इसके लिए संयंत्र लगाने का कोई भी खर्च उपभोक्ता को नहीं उठाना होगा। उपभोक्ताओं की केवल सहमति लेकर बिजली वितरण कंपनी की ओर से स्थापना की सारी प्रक्रिया खुद पूरी की जाएगी। इससे गरीब परिवार भी बिना किसी आर्थिक बोझ के सौर ऊर्जा का पूरा लाभ उठा सकेंगे।
पीएम सूर्य घर योजना (सोलर प्लांट और सब्सिडी विवरण)
| क्षमता (kW) / उपभोक्ता श्रेणी | केंद्र सरकार का अनुदान | बिहार सरकार का अनुदान | कुल संभावित सहायता / सब्सिडी | कुल खर्च व प्रावधान |
| 01 किलोवाट (कुटीर ज्योति BPL) | — | — | 100% निश्शुल्क (फ्री) | उपभोक्ताओं को कोई खर्च नहीं देना; बिजली कंपनी खुद सहमति लेकर लगाएगी। |
| 01 किलोवाट (सामान्य उपभोक्ता) | ₹30,000 | ₹10,000 | ₹40,000 | बाकी बची लागत उपभोक्ता को देनी होगी, जो नेट मीटर से जुड़ेगा। |
| 02 किलोवाट (सामान्य उपभोक्ता) | ₹60,000 | ₹20,000 | ₹80,000 | — |
| 03 किलोवाट या अधिक (सामान्य) | ₹78,000 (अधिकतम) | ₹20,000 (अधिकतम) | ₹98,000 (अधिकतम) | बिजली ग्रिड से नेट मीटर के जरिए उत्पादित बिजली जुड़ेगी। |
| बांका जिले का कुल लक्ष्य | — | — | 10,000 परिवार |
सामान्य उपभोक्ताओं को मिलेगा 98 हजार रुपये तक का बंपर अनुदान
सामान्य घरेलू उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने पर केंद्र और राज्य सरकार की ओर से संयुक्त रूप से भारी अनुदान दिया जा रहा है। बिहार सरकार ने भी इसमें अपनी तरफ से अतिरिक्त वित्तीय सहायता जोड़ दी है:
01 किलोवाट का सोलर प्लांट: लगाने पर केंद्र सरकार से 30 हजार और राज्य सरकार से 10 हजार रुपये (कुल 40 हजार रुपये) का अनुदान मिलेगा।
02 किलोवाट का सोलर प्लांट: लगाने पर कुल 80 हजार रुपये की वित्तीय सहायता का प्रावधान है (60 हजार केंद्र व 20 हजार राज्य सरकार)।
03 किलोवाट या अधिक का सोलर प्लांट: लगाने पर अधिकतम 98 हजार रुपये तक का भारी-भरकम अनुदान मिलेगा। इसमें केंद्र सरकार की ओर से अधिकतम 78 हजार रुपये और राज्य सरकार की ओर से 20 हजार रुपये शामिल हैं। राज्य सरकार की अतिरिक्त सहायता निर्धारित प्रक्रिया के तहत सीधे उपभोक्ता के बैंक खाते में ट्रांसफर (DBT) की जाएगी।
नेट मीटर के जरिए बिजली ग्रिड से जुड़ेगा सौर संयंत्र
बांका के विद्युत कार्यपालक अभियंता ई कुमार सौरभ ने बताया कि इन सोलर संयंत्रों को नेट मीटर के माध्यम से बिजली ग्रिड से जोड़ा जाएगा। इससे उपभोक्ता की ओर से उत्पादित बिजली और ग्रिड से ली गई बिजली का सटीक हिसाब रखा जा सकेगा। दिन के समय घरेलू जरूरतों के लिए सौर ऊर्जा का इस्तेमाल हो सकेगा और बची हुई बिजली ग्रिड में चली जाएगी, जिससे उपभोक्ताओं का बिजली बिल नगण्य हो जाएगा।
डीडीसी बोले- गांव-गांव में शिविर लगाकर लोगों को किया जा रहा जागरूक
बांका के उप विकास आयुक्त (DDC) उपेंद्र सिंह ने बताया कि जिले के 10 हजार परिवारों के घरों की छत पर सोलर प्लांट लगाने का लक्ष्य रखा गया है। अधिक से अधिक लोग योजना का लाभ ले सकें, इसके लिए विशेष शिविर लगाकर गांव-गांव में लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
बिल में आएगी भारी कमी
योजना का लाभ लेने के लिए इच्छुक उपभोक्ता प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के आधिकारिक पोर्टल (pmsuryaghar.gov.in) पर पंजीकरण करा सकते हैं। इसके बाद बिजली वितरण कंपनी से तकनीकी स्वीकृति और अधिकृत वेंडर के माध्यम से संयंत्र लगाने की प्रक्रिया पूरी होगी।
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिले के 10 हजार परिवारों के घरों की छत पर सोलर प्लांट लगाने का लक्ष्य रखा गया है। अधिक से अधिक लोग योजना का लाभ ले सकें, इसके लिए शिविर लगाकर गांव-गांव में लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
उपेंद्र सिंह, डीडीसी, बांका
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।