बांका के ओढ़नी डैम में जल्द मिलेगा पैरासेलिंग और पैरामोटर का रोमांच, बर्ड वॉचिंग सेंटर भी बनेंगे
बांका के ओढ़नी डैम में जल्द ही पैरासेलिंग और पैरामोटर जैसी रोमांचक गतिविधियां शुरू होंगी, जिसके लिए जिला प्रशासन ने पर्यटन विभाग को प्रस्ताव भेजा है।

बांका के ओढ़नी डैम में जल्द मिलेगा पैरासेलिंग और पैरामोटर का रोमांच (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, बांका। जिला के प्रमुख पर्यटन स्थल ओढ़नी डैम में पर्यटक एडवेंचर गतिविधियों का भी रोमांच ले सकते हैं। जिला प्रशासन यहां पैरासेलिंग, पैरामोटर जैसी गतिविधियां शुरू करने की तैयारी में जुट गया है। इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर पर्यटन विभाग को भेजा गया है।
विभागीय स्वीकृति मिलने के बाद जिले के लोगों के साथ-साथ बाहर से आने वाले पर्यटकों को भी नए रोमांच का अनुभव मिलेगा।
प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण के कारण ओढ़नी डैम पहले से ही लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। खासकर छुट्टियों के दिन और वीकेंड पर यहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। अभी यहां बोटिंग करने पर्यटक पहुंच रहे हैं।
कुछ महीने पहले पर्यटकों की सुविधा के लिए रिसॉर्ट और कैफेटेरिया की शुरुआत भी की गई है, जिससे लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलने लगी हैं। अब प्रशासन इस पर्यटन स्थल को एडवेंचर टूरिज्म हब के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रहा है।
लेजर शो का भी भेजा गया है प्रस्ताव
जिला प्रशासन की ओर से पर्यटन विभाग को भेजे गए प्रस्ताव में पैरासेलिंग और पैरामोटर के अलावा ओपन थिएटर, लेजर लाइट शो, बर्ड वाचिंग प्वाइंट जैसी सुविधाएं विकसित करने को लेकर चर्चा की गई है।
डैम क्षेत्र में सोलर लाइट और सोलराइजेशन की व्यवस्था करने की भी योजना है, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
प्रशासनिक अधिकारियों का मानना है कि इन गतिविधियों की शुरुआत होने से ओढ़नी डैम की पहचान राज्य के प्रमुख एडवेंचर टूरिज्म स्पाट के रूप में बनेगी। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
वाटर स्पोर्ट्स अकादमी भी बनेगा
ओढ़नी डैम में बिहार की पहली वाटर स्पोर्ट्स अकादमी बनेगा। इसके लिए कुछ महीने पहले पटना से पहुंची टीम ने डैम का निरीक्षण भी किया था। वाटर स्पोर्ट्स अकादमी के लिए जरूरी सभी मानक सही पाए गए थे।
अकादमी के लिए करीब तीन एकड़ जमीन भी चिह्नित की जा चुकी है। जो डैम के पास ही है। ऐसे में आने वाले समय में ओढ़नी डैम प्रमुख पर्यटक स्थल के साथ-साथ वॉटर स्पोर्ट्स से जुड़े विभिन्न खेलकूद और प्रशिक्षण का भी केंद्र बनेगा।
ओढ़नी डैम में पैरासेलिंग, पैरामोटर, लेजर शो जैसी गतिविधियों को शुरू करने के लिए पहल की जा रही है। इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर पर्यटन विभाग को भेजा गया है। - उपेंद्र सिंह, डीडीसी, बांका
यह भी पढ़ें- बांका की 19 पंचायतों में नल-जल योजना ठप, भीषण गर्मी में बूंद-बूंद पानी को तरस रहे लोग
यह भी पढ़ें- बिहार में बिजली सेवाएं होंगी और स्मार्ट: AI तकनीक से होगी बिलिंग की निगरानी, 25 मई से काम करेगा सिस्टम
