यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 22, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Banka में डीलर के घर नकाबपोश बदमाशों का हमला, लूट का विरोध करने पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दंपती को किया घायल
बांका के टाउन थाना स्थित एक गांव में मंगलवार देर रात आधा दर्जन नकाबपोश बदमाशों ने बुजुर्ग दंपती पर चाकू ...और पढ़ें

बांका, जागरण संवाददाता। बांका जिले के टाउन थाना के भदरार गांव में मंगलवार देर रात लूट की नीयत से घर में घुसे नकाबपोश बदमाशों ने बुजुर्ग दंपती पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर लहूलुहान कर दिया। गंभीर रुप से घायल दंपती को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मामले को लेकर थानाध्यक्ष शंभूनाथ यादव ने बताया कि घटना मंगलवार रात करीब डेढ़ बजे की है। जानकारी के मुताबिक, डीलर दंपती गांव में अकेले रहते है। मंगलवार की रात दोनों खाकर अपने कमरे में सोने चले गए। इसी बीच दीवार फांदकर एक बदमाश घर में दाखिल हुआ। फिर उसने अंदर से बंद मुख्य द्वार का दरवाजा खोल दिया, जिसके बाद करीब आधा दर्जन बदमाश घर के अंदर एक-एक कर दाखिल हो गए।
घर में आवाज होने पर जब डीलर दंपती उठे तो बदमाशों ने पति-पत्नी के मुंह में कपड़ा ठूस कर बांध दिया। जब डीलर ने लूटपाट का विरोध किया तो लुटेरों ने छूरा मारकर दोनों को जख्मी कर दिया। इस दौरान लुटेरों ने घर से 35 हजार नकद व करीब एक लाख के सोने-चांदी के जेवर लूटकर फरार हो गए। आनन-फानन में पुलिस को इसकी जानकारी दी गई।
देर रात घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। हालांकि, तब तक सभी बदमाश भाग चुके थे। पुलिस ने पति-पत्नी को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां डा. सौरव सुमन ने दोनों जख्मी का इलाज किया।
