विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मंदार पर्वत छेड़खानी में SIT का एक्शन! MP से पकड़ा गया नीतीश कुमार, दिल्ली से नाबालिग पकड़ाया; अब तक 7 पर कार्रवाई

Published: Wed, 30 Sep 2026 08:08 PM (IST)

ऐतिहासिक मंदार पर्वत पर नाबालिग से छेड़खानी, मारपीट और वीडियो वायरल करने के बहुचर्चित मामले में बांका पुलिस ने सभी ...और पढ़ें

बांका मंदार पर्वत पर युवती से बदसलूकी मामले में कार्रवाई।

बांका मंदार पर्वत पर युवती से बदसलूकी मामले में कार्रवाई।

HighLights

  1. मंदार पर्वत छेड़खानी मामले में सभी 7 आरोपी गिरफ्तार।

  2. नीतीश कुमार मध्य प्रदेश से, एक नाबालिग दिल्ली से पकड़ाया।

  3. चार बालिग जेल, तीन नाबालिग बाल सुधार गृह भेजे गए।

संवाद सहयोगी, बौंसी (बांका)। ऐतिहासिक व धार्मिक स्थल मंदार पर्वत पर एक नाबालिग लड़की के साथ छेड़खानी, मारपीट, जबरन वसूली और आपत्तिजनक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने के सनसनीखेज मामले में बांका पुलिस ने सभी आरोपितों पर पूरी तरह शिकंजा कस दिया है। पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने अंतरराज्यीय स्तर पर ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए फरार चल रहे आरोपित नीतीश कुमार को मध्य प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है।

सघन पूछताछ के बाद बुधवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। वहीं, मामले में फरार चल रहे एक अन्य नाबालिग को पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से संरक्षण में लिया है, जिसे नियमानुसार बाल सुधार गृह भेजने की प्रक्रिया जारी है। इसके साथ ही इस बहुचर्चित कांड के सभी सातों आरोपित अब पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।

बाराहाट थाना क्षेत्र के चिहार गांव निवासी नीतीश कुमार को लेकर शुरुआत में नाबालिग होने का भ्रम था, परंतु पुलिस द्वारा दस्तावेजों की सघन जांच व सत्यापन के बाद उसके बालिग होने की आधिकारिक पुष्टि हुई।

चार आरोपित पहुंचे सलाखों के पीछे, तीन बाल सुधार गृह भेजे गए

इस मामले में पुलिस अब तक चार बालिग आरोपितों को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचा चुकी है, जबकि तीन विधि-विरुद्ध किशोरों (नाबालिगों) को संरक्षण में लेकर बाल सुधार गृह भेजा गया है। इससे पहले मुख्य आरोपित मो. अब्दुल्ला को एसआईटी ने पश्चिम बंगाल के हावड़ा से दबोचा था, जबकि अन्य आरोपितों अनंत और विभीषण को पहले ही जेल भेजा जा चुका है।

मंदार पर्वत कांड: सातों आरोपितों पर कार्रवाई

  • जेल भेजे गए बालिग आरोपित (कुल 4):

    1. मो. अब्दुल्ला (मुख्य आरोपित, हावड़ा-पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार)

    2. अनंत कुमार

    3. विभीषण कुमार

    4. नीतीश कुमार (चिहार निवासी, मध्य प्रदेश से गिरफ्तार)

  • संरक्षण में लिए गए नाबालिग (कुल 3):

    1. एक नाबालिग (पटना से पकड़ा गया)

    2. दूसरा नाबालिग (स्थानीय स्तर से निरुद्ध)

    3. तीसरा नाबालिग (ताजा कार्रवाई में दिल्ली से निरुद्ध)

  • मामले की धाराएं व प्रकृति: नाबालिग से अभद्रता, मारपीट, ₹1500 की जबरन ऑनलाइन वसूली और आईटी एक्ट (वीडियो वायरल करना)।

  • आगामी कानूनी कदम: बांका न्यायालय में त्वरित आरोप पत्र (चार्जशीट) और स्पीडी ट्रायल।

वहीं, पूर्व में एक नाबालिग को पटना से और एक अन्य को स्थानीय स्तर पर संरक्षण में लेकर सुधार गृह भेजा गया था। दिल्ली और मध्य प्रदेश में हुई ताजा कार्रवाई के साथ ही इस कांड में शामिल सभी चेहरे बेनकाब हो गए हैं।

₹1500 ऐंठने के बाद और रुपयों के लिए वायरल किया था वीडियो

ज्ञात हो कि यह शर्मनाक वारदात विगत तीन जून को मंदार पर्वत पर घटी थी। वहां आई एक नाबालिग लड़की को कुछ असामाजिक युवकों ने सुनसान इलाके में घेर लिया और उसके साथ घोर अभद्रता व मारपीट की। मनचलों ने लड़की को डरा-धमकाकर ऑनलाइन माध्यम से ₹1500 जबरन ऐंठ लिए। इसके बाद भी आरोपितों ने और अधिक रुपयों की मांग की।

जब पीड़िता ने मांग पूरी करने से इनकार कर दिया, तो आरोपितों ने दबाव बनाने के लिए उसका बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया। विगत 22 सितंबर को जैसे ही यह वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए स्वतः संज्ञान लेकर प्राथमिकी दर्ज की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर तुरंत एसआईटी गठित कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए विभिन्न राज्यों में टीमें रवाना की गई थीं।

यह भी पढ़ें- मंदार पर्वत छेड़छाड़ कांड: एक्शन में बांका पुलिस, बाइक से पहरा देगी और जिले में 25 जगह CCTV भी लगेंगे

"मंदार पर्वत पर नाबालिग से अभद्रता और वीडियो प्रसारित करने के मामले को पुलिस ने अत्यंत गंभीरता से लिया है। एसआईटी ने वैज्ञानिक और तकनीकी अनुसंधान के जरिए सभी सातों आरोपितों को गिरफ्तार व निरुद्ध कर लिया है। अब पुलिस बिना किसी देरी के न्यायालय में ठोस साक्ष्यों के साथ चार्जशीट दाखिल करेगी और मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर सभी दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाएगी।"

-

— अमितेश कुमार, पुलिस अधीक्षक, बांका