कतरनी सोचकर अगर आप धान, चूड़ा और चावल खरीद रहे हैं तो आप इन बातों का ध्यान रखें, नहीं तो आपको होगा बड़ा धोखा
Katarni Chura Rice Paddy बांका के बाजारों में नवान्न पर्व के दौरान कतरनी चूड़ा के नाम पर धोखाधड़ी हो रही है। पुराने चूड़े को हरे रंग, सेम के पत्ते और कृत्रिम सेंट लगाकर बेचा जा रहा है, जबकि असली कतरनी की फसल अभी कटी भी नहीं है।

Katarni Chura Rice Paddy कतरनी चूड़ा के नाम पर मिलों में बिक रहा नकली और मिलावटी चूड़ा
HighLights
पुराने चूड़े को कृत्रिम रंग और सेंट से नया बनाया जा रहा।
असली कतरनी की फसल अभी खेतों में कटी भी नहीं है।
अमरपुर-रजौन मिलों से कोसी-पटना तक हो रही नकली सप्लाई।
जागरण संवाददाता, बांका। Katarni Chura Rice Paddy : अंग प्रदेश की मिट्टी में रची-बसी कृषि परंपरा का लोकपर्व नवान्न अगहन की दस्तक के साथ शुरू हो गया है। बांका जिले के मंदार और जेठौर दोनों इलाकों में किसान पूरे उत्साह और विधि-विधान के साथ नए अन्न की पूजा-अर्चना कर नवान्न मना रहे हैं।
घरों में नए चूड़े, गुड़, दूध और पारंपरिक पकवानों से पर्व की थाली सजाई जा रही है, जिससे बाजारों में चूड़ा, शक्कर और फलों की दुकानों पर ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। लेकिन यदि आप भी बाजार से असली कतरनी सोचकर धान, चूड़ा या चावल खरीदने जा रहे हैं, तो सावधान हो जाइए—बाजार में नकली और मिलावटी कतरनी के नाम पर बड़ा धोखा चल रहा है।
पुराने चूड़े पर हरा जंगली रंग
दरअसल, बाजार में कतरनी चूड़ा के नाम पर पुराने चूड़े को नया रूप देकर बेचने का गोरखधंधा जोरों पर है। चूड़ा मिलों में पुराने स्टॉक के चूड़े पर कृत्रिम रंगों का इस्तेमाल कर उसे ताजा और आकर्षक दिखाया जा रहा है।
सेम के पत्ते और सेंट लगाकर बेचा जा रहा माल
इसमें हरा फ्लेवर और ताजगी का भ्रम पैदा करने के लिए कहीं हरा जंगली रंग तो कहीं सेम सब्जी के पत्ते का उपयोग किया जा रहा है। इतना ही नहीं, असली कतरनी की विशिष्ट प्राकृतिक खुशबू का अहसास कराने के लिए कृत्रिम सेंट (इत्र) का भी सहारा लिया जा रहा है। इस तरह तैयार किए गए चूड़े को असली कतरनी बताकर बाजार में उतारा जा रहा है, जिसे आम ग्राहक केवल रंग, रूप और खुशबू के भरोसे पहचान नहीं पा रहे हैं।
| जांच का आधार | असली कतरनी की पहचान | नकली / मिलावटी कतरनी (बाजार का धोखा) |
| फसल कटनी का समय | कतरनी अगहन महीने की फसल है; बारिश के कारण अभी कटनी पूरी नहीं हुई है, इसलिए नया कतरनी बाजार में नहीं आया है। | पुराने साल के बचे हुए चूड़े व धान को प्रोसेस कर नया बताकर बेचा जा रहा है। |
| रंग और बनावट | प्राकृतिक हल्का सफेदी व क्रीमिश रंग, दाने छोटे और एकसमान होते हैं। | मिलों में पुराने चूड़े पर हरा जंगली रंग या सेम के पत्ते का रस लगाकर कृत्रिम हरापन व चमक दी जाती है। |
| खुशबू (सुगंध) | पकाने या भिगोने पर चांदन नदी क्षेत्र की मिट्टी जैसी सौंधी व प्राकृतिक सुगंध आती है। | सूखे चूड़े से ही तेज व तीखी कृत्रिम सेंट (इत्र) की गंध आती है, जो धोने पर खत्म हो जाती है। |
| सप्लाई का केंद्र | पारंपरिक रूप से बांका की चांदन नदी किनारे के खेतों की उपज। | अमरपुर और रजौन की चूड़ा मिलों में तैयार कर बांका, भागलपुर, कोसी और पटना तक भेजा जा रहा है। |
अमरपुर और रजौन की मिलों से कोसी व पटना तक हो रही सप्लाई
बांका जिले के अमरपुर और रजौन क्षेत्र में बड़े पैमाने पर चूड़ा मिलों का संचालन होता है। यहां तैयार होने वाला चूड़ा केवल बांका और भागलपुर के स्थानीय बाजारों तक ही सीमित नहीं रहता, बल्कि इसकी सप्लाई कोसी क्षेत्र से लेकर राजधानी पटना तक के बाजारों में हो रही है। ऐसे में मिलावट का यह कारोबार एक बड़े उपभोक्ता वर्ग की सेहत और विश्वास को प्रभावित कर रहा है।
अभी कटी भी नहीं कतरनी फसल, फिर नया धान-चूड़ा कहां से आया?
विडंबना यह है कि बांका कभी कतरनी धान उत्पादन का बड़ा केंद्र रहा है। खासकर चांदन नदी के किनारे के खेतों में उपजने वाली कतरनी अपनी विशिष्ट सुगंध और स्वाद के लिए दूर-दूर तक प्रसिद्ध रही है। नवान्न से लेकर मकर संक्रांति तक इसकी खुशबू घर-आंगन में महकती थी, लेकिन अब उत्पादन क्षेत्र में ही इसकी पहचान को कृत्रिम रंग और सेंट से चुनौती मिल रही है।
स्थानीय किसान नरोत्तम मिश्रा, अशोक राम और परमानंद सिंह ने ग्राहकों को आगाह करते हुए बताया कि भागलपुर-बांका कतरनी की असली पहचान चांदन नदी किनारे उपजने वाली फसल से ही थी। कतरनी अगहन महीने में तैयार होने वाली अगहनी फसल है। हाल ही में बरसात हो जाने के कारण अभी खेतों में कतरनी की कटनी भी शुरू नहीं हुई है। इसलिए नवान्न के अवसर पर अभी बाजार में बिक रहा कतरनी किसी भी कीमत पर नया धान या चूड़ा नहीं है- ग्राहक रंग और कृत्रिम खुशबू के झांसे में आने से बचें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।