गड्ढे में फंसा ट्रक, लगा जाम
बांका। कटोरिया-देवघर मुख्य मार्ग के दादी बगीचा के निकट सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे में फिर ट्रक फंस गया।
बांका। कटोरिया-देवघर मुख्य मार्ग के दादी बगीचा के निकट सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे में फिर ट्रक फंस गया। इससे बुधवार रात एक बजे से गुरुवार दिन के 11 बजे लगभग 10 घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। इस दौरान सफर कर रहे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। साथ ही जाम के कारण तीनों मुख्य मार्ग पर वाहनों की लम्बी कतार लग गयी।
ज्ञात हो कि सड़क के बीचों बीच कई स्थानों पर लगभग ढाई फीट गहरा गड्ढा बन चुका है। जिसके कारण प्रतिदिन भारी वाहनों का फंसने का सिलसिला जारी है। वाहनों के फंसे रहने पर रोज जाम लग रहा है। लेकिन कोई भी प्रशासनिक अधिकारी या संबंधित विभाग के अधिकारी का ध्यान इस ओर नहीं है। इसके पूर्व सोमवार को भी जाम लगा था। गड्ढे की गहराई या सड़क इतनी बुरी तरह क्षतिग्रस्त है कि जेसीबी की मदद से भी फंसे ट्रकों को नहीं निकाला जा सका। दरअसल यह पथ राष्ट्रीय राजमार्ग में प्रस्तावित है। इसलिए राज्य सरकार ने किसी भी तरह की मरम्मत से अपना हाथ खींच लिया है। यही स्थिति बनी रही तो कुछ ही दिनों में इस पथ पर वाहनों का चलना मुश्किल हो जाएगा। साथ ही हमेशा इन गड्ढों को पार करने में दुर्घटना होने का अंदेशा बना रहेगा। स्थानीय युवकों व जेसीबी की मदद से गाड़ियों का परिचालन शुरू कराया गया। इधर, विधान पार्षद मनोज यादव ने भी इस जर्जर सड़क से विभागीय मंत्री को अवगत करा दिया है। विधान पार्षद ने बताया कि विभाग ने इस ओर संज्ञान लिया है।