Intermediate Annual Examination 2026 : दो फरवरी से 21 हजार 936 परीक्षार्थी देंगे, बांका शिक्षा विभाग ने इस प्रकार से की तैयारी
बांका में 2 फरवरी से 13 फरवरी तक इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 का आयोजन होगा, जिसमें 21,936 परीक्षार्थी शामिल होंगे। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
2 फरवरी से 13 फरवरी तक इंटर परीक्षा 2026
बांका में 21,936 परीक्षार्थी, लड़कियों की संख्या अधिक
33 केंद्र तैयार, डीईओ आज करेंगे समीक्षा
जागरण संवाददाता, बांका। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की वार्षिक इंटर परीक्षा दो फरवरी से शुरु हो रही है। 13 फरवरी तक इसका आयोजन होगा। इसके लिए जिला के विभिन्न हिस्सों में 33 परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा केंद्र जिला मुख्यालय से लेकर बाराहाट, रजौन, अमरपुर, बौंसी, कटोरिया, चांदन, शंभुगंज, फुल्लीडुमर आदि प्रखंडों में भी बनाया गया है। इस बार परीक्षा में पिछले साल से कम परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षार्थी की संख्या 21 हजार 936 है। इसमें विज्ञान परीक्षार्थी की संख्या भी इस बार कम होकर 9 हजार 133 रह गई है। वहीं कला संकाय में अबकी 12 हजार 620 परीक्षार्थी शामिल होंगे। सबसे अधिक परीक्षार्थी वाणिज्य संकाय में घटे हैं। इस बार इसकी संख्या केवल 183 रह गई है। केवल मेढ़ियानाथ छोड़कर अन्य केंद्रों पर इक्का-दुक्का ही वाणिज्य के परीक्षार्थी दिखेंगे। आश्चर्य कि इस बार इंटर परीक्षार्थी में भी लड़कियों की संख्या लड़कों से अधिक हो गई है।
बांका के सभी 33 केंद्राधीक्षकों की डीईओ आज करेंगे तैयारी की समीक्षा
21 हजार परीक्षार्थी में 11 हजार से अधिक संख्या केवल लड़कियों की है। कला में जहां लड़कों की संख्या 5 हजार 18 है वहीं लड़कियों की संख्या 7 हजार 602 हो गई है। हां विज्ञान में 5 हजार से अधिक लड़कें हैं, जबकि लड़कियां 3 हजार से ही कुछ अधिक हैं। वाणिज्य में भी लड़कों की संख्या लड़कियों से काफी अधिक है। वाणिज्य में 122 लड़के और 61 लड़कियां परीक्षा में शामिल होंगे। इस बार सबसे बड़ा परीक्षा केंद्र राष्ट्रीय उच्च विद्यालय धौनी और आरएमके इंटर स्कूल को बनाया गया है। दोनों केंद्र पर एक-एक हजार से अधिक परीक्षार्थी का केंद्र बनाया गया है। इस परीक्षा में दो हजार से अधिक शिक्षकों को वीक्षण ड्यूटी में लगाया जाएगा। इसके लिए छह हजार शिक्षकों को प्रथम नियुक्ति पत्र जारी कर दिया गया है। द्वितीय पत्र मिलने के बाद उन्हें 30 जनवरी को अपने ड्यूटी वाले केंद्र पर योगदान करना है।
कला में 12 हजार और विज्ञान में 9 हजार परीक्षार्थी होंगे शामिल
पहली बार इंटर में लड़कों से अधिक लड़कियां परीक्षार्थी देंगी परीक्षा
छात्रों का परीक्षा केंद्र व संख्या
- आरएमके इंटर स्कूल-1003
- एमआरडी इंटर स्कूल-466
- टीआरपीएस उवि ककवारा-605
- उच्च विद्यालय चंगेरी मिर्जापुर- 596
- उच्च विद्यालय पथरा बाराहाट-910
- बीएन झा उवि कमलपुर बाराहाट-706
- चनवै उवि मणियारपुर बौंसी-730
- एमएमकेजी उवि चांदन-672
- उच्च विद्यालय धोरैया-953
- यूएचएस फतेहपुर कठेल अमरपुर-741
- उच्च विद्यालय मेढ़ियानाथ अमरपुर-954
- सीएमएस उच्च विद्यालय शाहपुर अमरपुर-594
- राष्ट्रीय उच्च विद्यालय धौनी रजौन- 1054
- बालादेव इटहरी उवि फुल्लीडुमर-874
छात्राओं का परीक्षा केंद्र व संख्या
- एसएस बालिका स्कूल बांका- 523
- सार्वजनिक उवि सर्वोदयनगर-588
- यूएचएस चुटिया अमरपुर- 468
- पीटीजे महिला कालेज-454
- डा. हरिहर चौधरी उवि बाराहाट- 558
- उच्च विद्यालय सबलपुर-568
- एसएनएस उवि मोहनपुर-712
- एलएनडी उवि बौंसी-604
- सीएनडी उवि बौंसी-387
- एमडीएन उवि डुमरामा अमरपुर-637
- आदर्श बालिका उच्च विद्यालय अमरपुर- 570
- एलएन कालेज शाहपुर अमरपुर-939
- प्रोजेक्ट बालिका उवि धौनी- 505
- उच्च विद्यालय खेसर- 970
- एसकेएस उवि कुर्माडीह शंभुगंज-502
- डीएए उवि शंभुगंज-394
- राजकीय बुनियादी विद्यालय करझौंसा-714
- उच्च विद्यालय कटोरिया-440
- प्रोजेक्ट बालिका उवि कटोरिया-575
बिहार बोर्ड की इंटर और मैट्रिक परीक्षा के लिए क्रमश: 33 और 34 परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इंटर परीक्षा तैयारी के लिए सभी केंद्राधीक्षकों की गुरुवार को बैठक रखी गई है। इसी दौरान उन्हें परीक्षा की सामग्री उपलब्ध करा दी जाएगी। परीक्षा को पूरी तरह कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है।
देवनारायण पंडित, जिला शिक्षा पदाधिकारी
