टोटो पलटा, आधा दर्जन महिलाएं जख्मी
बांका। देवघर-सुल्तानगंज मुख्यमार्ग पर बेलहर बस्ती के पास बुधवार शाम टोटो सवारी वाहन पलटने से आधा दर्जन महिलाएं जख्मी हो गई।
बांका। देवघर-सुल्तानगंज मुख्यमार्ग पर बेलहर बस्ती के पास बुधवार शाम टोटो सवारी वाहन पलटने से आधा दर्जन महिलाएं जख्मी हो गई। सभी जख्मी महिलाएं सरसड्डा गांव की रहने वाली है।घायलों में घनश्याम दास की पत्नी प्रतिमा देवी, कविता देवी, सुषमा देवी आदि शामिल हैं। सभी घायल को इलाज के लिए संग्रामपुर पीएचसी में भर्ती कराया गया है। घायल प्रतिमा देवी की हालत गंभीर देख बेहतर इलाज के लिए जेएलएनएमसीएच भागलपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार ग्रामीणों को खाद्यान्न उठाव के लिए करीब पांच किलोमीटर दूर छगरचारा गांव की डीलर जूली देवी के पास जाना पड़ता है। बुधवार को सभी टोटो से खाद्यान्न उठाव के लिए डीलर के घर गई थी। वापसी के क्रम में टोटो बेलहर बस्ती के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। इसमें घायल प्रतिमा देवी खाद्यान्न बोरी के नीचे दब गई। घटनास्थल पर वह बेहोश हो गई। स्थानीय लोगों ने घायल को इलाज के लिए संग्रामपुर पीएचसी में भर्ती कराया। लाभुकों ने बताया कि हम ग्रामीणों ने डीएम एवं विधायक को आवेदन देकर बेलहर के नजदीकी डीलर पास खाद्यान्न उठाव का अनुरोध किया था। मामले को लेकर विधायक ने एमओ को लाभुकों की समस्या का जल्द निदान करने का निर्देश दिया था। बावजूद इसके अब तक उनकी समस्या का निदान नहीं हो सका है। एमओ ने बताया कि ग्रामीणों ने अब तक कोई आवेदन नहीं दिया है। आवेदन मिलने पर जांच कर लाभुकों को नजदीकी डीलर से टैग किया जाएगा।
---------
हाइवा की चपेट में आकर खलासी गंभीर
फोटो-3 बीएएन 14
संवाद सूत्र, अमरपुर (बांका): अमरपुर-बांका मुख्य मार्ग में विश्मभरचक गांव के समीप बेरियर पर हाइवा की चपेट में आने से खलासी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जख्मी हाइवा खलासी बाराहाट के गुड्डू मंडल का रेफरल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया गया है। जख्मी ने बताया कि अमरपुर बाजार में नो इंट्री रहने के कारण वह विश्मभरचक गांव के समीप बेरियर पर हाइवा के मुख्य सड़क से हटाकर किनारे करवा रहा था। इसी दौरान हाइवा तेजगति से पीछे आने लगा। जिससे वह असंतुलित होकर सड़क पर गिर गया। इसमें एक पैर हाइवा के पिछले चक्का के नीचे चला गया। मौके पर पहुंचे दारोगा खुर्शीद आलम ने जख्मी को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल लाया। डॉ. मुकेश कुमार ने गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया है। भागलपुर में भी जख्मी की हालत चिताजनक बनी हुई है।