तिलडीहा मंदिर में डॉक्टर लिखी कार से चोरी! गूगल ट्रैकिंग से खुला राज, 16 मोबाइल बरामद; भीड़ में कई श्रद्धालु हुए चोटिल
Banka Tildiha Mandir Theft: शारदीय नवरात्र के दौरान बांका के तिलडीहा दुर्गा मंदिर में भीड़ का फायदा उठाकर चोरों ने ...और पढ़ें

Banka Tildiha Mandir Theft:
HighLights
तिलडीहा मंदिर में नवरात्र के दौरान सैकड़ों मोबाइल चोरी।
गूगल ट्रैकिंग से डॉक्टर की कार से 16 मोबाइल बरामद।
एक चोर गिरफ्तार, चार अन्य की तलाश जारी।
संवाद सहयोगी, शंभुगंज (बांका)। Banka Tildiha Mandir Theft: बांका जिले के प्रसिद्ध तिलडीहा दुर्गा मंदिर में शारदीय नवरात्र की पहली पूजा पर उमड़े आस्था के महासैलाब का फायदा उठाकर अंतरजिला चोर गिरोह ने जमकर उत्पात मचाया। रविवार को जलार्पण के दौरान मंदिर परिसर और रास्तों से श्रद्धालुओं के 200 से अधिक मोबाइल फोन, नकदी से भरे पर्स और सोने की चेन गायब होने की शिकायतें सामने आईं।
हालांकि, एक श्रद्धालु की तकनीकी सूझबूझ और 'गूगल ट्रैकिंग' की मदद से इस गिरोह का सनसनीखेज भंडाफोड़ हो गया। पुलिस ने डॉक्टर के लोगो वाली एक लग्जरी कार से चोरी के 16 कीमती मोबाइल बरामद कर एक शातिर को दबोच लिया है।
गूगल ट्रैकिंग ने पहुंचाया चोरों की लग्जरी कार तक
जानकारी के अनुसार, बेलहर निवासी एक युवक का कीमती मोबाइल मंदिर परिसर में जलार्पण के दौरान चोरी हो गया। मोबाइल गायब होते ही युवक ने घबराने के बजाय तत्काल अपने साथी के फोन से अपनी जीमेल आईडी लॉगिन कर गूगल फाइंड माय डिवाइस (गूगल ट्रैकिंग) का सहारा लिया। लोकेशन लगातार मूव कर रही थी और कुछ ही देर में सिग्नल मंदिर से थोड़ी दूरी पर खड़ी एक लग्जरी कार के पास स्थिर हो गया।
![]()
युवक जब मौके पर पहुंचा तो उसने देखा कि कार के शीशे पर डॉक्टर का आधिकारिक लोगो लगा हुआ था। युवक ने जैसे ही कार में बैठे व्यक्ति से गेट खोलने को कहा, वह घबरा गया और गाड़ी स्टार्ट कर भागने की कोशिश करने लगा। संदेह गहराते ही युवक और आसपास के श्रद्धालुओं ने शोर मचाकर कार को चारों तरफ से घेर लिया और तुरंत शंभुगंज थाना पुलिस को सूचना दी।
कार से 16 मोबाइल बरामद, 5 शातिरों का था नेटवर्क
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रभाकर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कार की सघन तलाशी ली। कार के भीतर से अलग-अलग कंपनियों के चोरी किए गए 16 एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से कार में सवार आरोपित दिलखुश कुमार (निवासी बांका) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दिलखुश ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि उसके गिरोह के कुल पांच सदस्य डॉक्टर का फर्जी लोगो लगी कार से सुनियोजित तरीके से तिलडीहा पहुंचे थे। उन्होंने वाहन को सुरक्षित जगह पार्क किया और फिर भीड़ में घुसकर मोबाइल व पर्स उड़ाने लगे। चुराए गए मोबाइलों को बारी-बारी से लाकर कार में छिपाया जा रहा था। थानाध्यक्ष प्रभाकर कुमार ने बताया कि कार जब्त कर ली गई है और गिरोह के फरार चार अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
![]()
उमस और भीड़ के दबाव में कई श्रद्धालु मूर्छित व चोटिल
इधर, रविवार को करीब एक लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने के कारण मंदिर परिसर में अत्यधिक दबाव बन गया। भारी भीड़, धक्का-मुक्की और भीषण उमस के चलते जलार्पण के दौरान आधा दर्जन से अधिक श्रद्धालु कतार में गिरकर चोटिल हो गए, जबकि कुछ महिलाएं व युवक मूर्छित हो गए।
अचानक बिगड़ी स्थिति को देखते हुए मौके पर तैनात प्रशासनिक दंडाधिकारियों और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तत्परता दिखाई। सभी घायलों को तुरंत एम्बुलेंस व प्राथमिक उपचार केंद्र पहुंचाया गया। घायलों में बरियारपुर के अजय कुमार सिंह, जमालपुर के अमरजीत सिंह व वर्षा कुमारी, कहलगांव के रौशन कुमार और मुंगेर के सुनील कुमार शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी की स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है।
