विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बांका में नदियों का उफान: धोरैया में पुल के ऊपर बह रहा 2 फीट पानी, प्रशासन ने आवागमन पर लगाई रोक

Published: Fri, 25 Sep 2026 04:38 PM (IST)

बांका के धोरैया में लगातार बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे गहिरा नदी का पानी पुल के ऊपर दो फीट बह रहा है।

धोरैया में पुल के ऊपर बह रहा 2 फीट पानी

धोरैया में पुल के ऊपर बह रहा 2 फीट पानी

HighLights

  1. धोरैया में तीन दिन की बारिश से नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा।

  2. गहिरा नदी का पानी पुल के ऊपर दो फीट बह रहा है।

  3. प्रशासन ने आवागमन रोका, फिर भी लोग जान जोखिम में डाल रहे।

संवाद सूत्र, धोरैया (बांका)। प्रखंड क्षेत्र में लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश से प्रमुख नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। गेरुआ, चीर, गहिरा, मिर्चनी, रकौली और कदबा नदी में बाढ़ की स्थिति बन गई है। धोरैया-नवादा मुख्य सड़क पर मननिहाट के समीप गहिरा नदी का पानी पुल के ऊपर करीब दो फीट बह रहा है। तेज करंट को देखते हुए प्रशासन ने पुल से आवागमन पूरी तरह रोक दिया है।

सीओ द्वारा पुल के समीप बैरिकेडिंग कराई गई है। वहीं, धोरैया थाना की ओर से चार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस लोगों को पुल पार करने से रोक रही है। इसके बावजूद कुछ लोग बच्चों के साथ जान जोखिम में डालकर पानी के तेज बहाव के बीच पुल पार करते नजर आ रहे हैं। पुलिस के समझाने पर लोग अपनी मजबूरी बताते हुए पुल पार कर रहे हैं।

पुल के दोनों ओर पुलिस बल तैनात करने की मांग 

पुल के दूसरे छोर पर धनकुंड थाना क्षेत्र होने के कारण वहां पुलिस बल की तैनाती नहीं है। इस कारण लोगों की आवाजाही जारी है। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा के लिए पुल के दोनों ओर पुलिस बल तैनात करने की मांग की है।

इधर, कुरमा गांव में ईदगाह के पीछे मिर्चनी नदी पर पुल निर्माण के दौरान बनाया गया डायवर्जन पानी के तेज बहाव में बह गया। इससे कुरमा हाट के रास्ते जयपुर सहित अन्य गांवों में जाने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। पुल निर्माण पूरा होने के बाद करीब एक दर्जन गांवों की लगभग 20 हजार आबादी को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- बांका में बदुआ नदी का रौद्र रूप; पीपापुल डूबा, तारापुर हाट व स्कूल का संपर्क टूटा; तय करना होगा 10 KM ज्‍यादा दूरी