मजदूरी विवाद में हत्या? दिल्ली में काम करने गए बांका के युवक का शव मिला; गांव के ही ठेकेदार पर आरोप।
दिल्ली में मजदूरी विवाद को लेकर बांका के अमर कुमार यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
दिल्ली में बांका के युवक अमर कुमार की मौत।
मजदूरी विवाद में ठेकेदार पर हत्या का आरोप।
गले पर निशान, जीरो एफआईआर दिल्ली ट्रांसफर।
संवाद सूत्र, धोरैया (बांका)। धनकुंड थाना क्षेत्र के भल्लू गांव निवासी उमेश यादव के पुत्र अमर कुमार यादव उर्फ छोटू की दिल्ली में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में हत्या का आरोप लगाया गया है। मृतक के छोटे भाई वंदन कुमार ने गांव के ही तीन लोगों पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
सूचक ने बताया कि वह अपने भाई अमर कुमार के साथ दिल्ली के उत्तमनगर स्थित महारानी इंक्लेव में मीरा देवी के मकान में रहता था। उसी इलाके में धनकुंड थाना क्षेत्र के ही जोकि गांव निवासी राजकुमार पासवान मजदूरों का ठेकेदारी करता था। करीब एक महीने पहले वह अमर कुमार को काम पर ले गया था और कहा था कि सप्ताह भर में मजदूरी का हिसाब कर भुगतान कर दिया जाएगा।
एक महीने बाद भी मजदूरी का भुगतान नहीं
आरोप है कि एक महीने बीत जाने के बाद भी मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया। जब अमर कुमार मजदूरी की मांग करता तो राजकुमार बहानेबाजी करता रहता था। होली के त्योहार को लेकर तीन मार्च को अमर ने फिर पैसे की मांग की, जिस पर दोनों के बीच विवाद हो गया।
वंदन कुमार के अनुसार चार मार्च को राजकुमार पासवान ने अमर को यह कहकर बुलाया कि पैसा भी दे देंगे और होली का सामान भी दिला देंगे। कुछ देर बाद जब वह वहां पहुंचा तो देखा कि राजकुमार पासवान, हीरा साह और उत्तम कुमार सिंह शराब पी रहे थे। उसने अपने भाई को कमरे पर चलने को कहा, लेकिन राजकुमार ने कहा कि पैसा देकर उसे भेज देंगे।
गला दबाकर हत्या का आरोप
सूचक ने बताया कि करीब एक घंटे बाद राजकुमार ने फोन कर कहा कि तुम्हारा भाई मर गया है। जब वह वहां पहुंचा तो अपने भाई को मृत पाया। उसके गले पर निशान था, जिससे गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है। विरोध करने पर आरोपितों ने धमकी भी दी।
इसके बाद शव को लेकर धनकुंड थाना पहुंचे और पोस्टमार्टम कराने के बाद तीनों आरोपितों के खिलाफ आवेदन दिया।
थानाध्यक्ष सूरज सिंह ने बताया कि घटना स्थल दिल्ली होने के कारण पीड़ित के आवेदन पर जीरो एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई के लिए मामला दिल्ली पुलिस को भेज दिया गया है।
