Bihar: बांका में लापता छात्र का तालाब में मिला शव, सिर में चोट के निशान, पिता बोले-हत्या कर तालाब में फेंका
murder in Banka बांका में गुरुवार की सुबह इंटर के छात्र का तालाब में शव मिला। पिता ने आरोप लगाया कि उसके बेटे के सिर पर हमला कर हत्या की गई है। छात्र तनवीर पढ़ाई के साथ बिजली वायरिंग का काम करता था।
संवादाता धोरैया (बांका) : प्रखंड क्षेत्र के महिला गांव में गुरुवार की रात से लापता युवक का शव तालाब में मिला। शव की पहचान तनवीर आलम के रूप में हुई है। वह धोरैया कालेज में इंटर का छात्र था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।
गुरुवार को कोहरा छटने के बाद गांव के लोग तालाब की ओर निकले तो पानी के किनारे युवक का शव देखा। गांव में तालाब किनारे शव मिलने की खबर फैल गई। मौक पर भीड़ जुटने के बाद शव की पहचान हुई। मृतक के पिता अब्दुल हलीम ने बताया कि उसकी गांव में किसी से दुश्मनी नहीं है। इसके बाद भी उसके बेटे की हत्या कर शव को तालाब में फेंक दिया गया।
पिता ने बताया कि तनवीर बुधवार की शाम एसडीएमवाय महाविद्यालय धोरैया से उन्हें लेकर घर आया। रात में खाना खाने के बाद तनवीर करीब आठ बजे घर से निकला था पर रात को वापस नहीं लौटा। परिजनों ने फोन लगाया तो फोन नहीं लगा। सुबह उसका शव तालाब में पाया गया। युवक का आधा शरीर पानी में था, जबकि सिर वाला भाग ऊपर था। पिता ने आरोप लगाया कि उसके बेटे के सिर पर हमला कर हत्या की गई है। तनवीर के सिर में कान की तरफ जख्म के निशान हैं। हत्या किस कारण से की गई। इसका कोई पता नहीं चल पाया है।
साजिश के तहत हत्या का आरोप
तनवीर पढ़ाई के साथ साथ बिजली वायरिंग का काम भी करता था। बेटे की मौत से मां मैमुना खातून का रो-रो कर बुरा हाल है। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही अवर निरीक्षक सुभाष पासवान, अंचलाधिकारी भाई बिरेंद्र पुलिस बल के साथ महिला गांव पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया। कुछ लोगों ने साजिश के तहत हत्या करने की बात कही है। पुलिस ने बताया कि स्वजनों के फर्द बयान मिलते ही केस दर्ज किया जाएगा।