बांका में 20 हजार रिश्वत लेते चांदन सीओ गिरफ्तार, जमीन पर दखल-कब्जा दिलाने के नाम पर मांगी थी घूस
चांदन के अंचल अधिकारी रविकांत को निगरानी टीम ने जमीन पर दखल-कब्जा दिलाने के एवज में 20 हजार रुपये रिश्वत ...और पढ़ें

20 हजार रिश्वत लेते चांदन सीओ गिरफ्तार
HighLights
चांदन सीओ रविकांत 20 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार।
जमीन पर दखल-कब्जा दिलाने के लिए मांगी घूस।
निगरानी टीम ने कार्यालय से की गिरफ्तारी।
संवाद सूत्र, चांदन (बांका)। जमीन पर दखल-कब्जा दिलाने के एवज में 20 हजार रुपये रिश्वत लेते चांदन के अंचल अधिकारी रविकांत को निगरानी की टीम ने बुधवार की शाम उनके कार्यालय से गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई डीएसपी अरुण कुमार अकेला के नेतृत्व में पहुंची निगरानी टीम ने की। सीओ की गिरफ्तारी के बाद अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार चांदन थाना क्षेत्र के कोरिया गांव निवासी सियाराम झा के जमीन विवाद में न्यायालय ने दखल-कब्जा दिलाने का आदेश दिया था।
दो लाख रुपये रिश्वत की मांग
आरोप है कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में जमीन पर दखल-कब्जा दिलाने के एवज में सीओ ने सियाराम झा से दो लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी। रिश्वत की मांग से परेशान सियाराम ने पिछले माह निगरानी न्यायालय में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग की टीम ने मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद निगरानी टीम ने बुधवार की शाम सियाराम झा से रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 20 हजार रुपये लेते ही निगरानी टीम ने सीओ रविकांत को कार्यालय परिसर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम सीओ को अपने साथ लेकर पटना चली गई है।
