विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar Teacher Sacked: बांका में फर्जी प्रमाण पत्र पर बहाल शिक्षिका बर्खास्त, शिक्षा सेवक भी चयनमुक्त; दोनों फरार

Published: Wed, 09 Sep 2026 12:56 PM (IST)

Bihar Teacher Sacked: बांका में फर्जी शैक्षणिक प्रमाण पत्रों के आधार पर नौकरी कर रही एक शिक्षिका को बर्खास्त कर ...और पढ़ें

Bihar Teacher Sacked:  निगरानी जांच में खुली पोल: बांका में फर्जी सर्टिफिकेट पर बहाल शिक्षिका बर्खास्त, फरार; शिक्षा सेवक भी सेवा से मुक्त

Bihar Teacher Sacked:  निगरानी जांच में खुली पोल: बांका में फर्जी सर्टिफिकेट पर बहाल शिक्षिका बर्खास्त, फरार; शिक्षा सेवक भी सेवा से मुक्त

HighLights

  1. शिक्षिका कमला देवी के प्रमाण पत्र फर्जी पाए गए।

  2. शिक्षा सेवक बालमुकुंद तुरी का मैट्रिक सर्टिफिकेट अवैध।

  3. दोनों पर कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप।

जागरण संवाददाता, बांका। Bihar Teacher Sacked: फर्जी शैक्षणिक प्रमाण पत्रों के सहारे सरकारी नौकरी हथियाने वालों के खिलाफ बांका जिले में शिक्षा विभाग और निगरानी ब्यूरो का कड़ा शिकंजा कसता जा रहा है। विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी कागजात पर वर्षों से नौकरी कर रही एक शिक्षिका को बर्खास्त कर दिया है, जबकि फर्जी मैट्रिक प्रमाण पत्र वाले एक शिक्षा सेवक को तत्काल प्रभाव से चयनमुक्त कर दिया है। एक ही दिन में दो कर्मियों पर हुई इस सख्त कार्रवाई से शिक्षा महकमे में हड़कंप मच गया है।

  • बाराहाट के प्रावि भूरना कन्या की शिक्षिका कमला देवी बर्खास्त, निगरानी जांच में फर्जी पाए गए थे शैक्षणिक प्रमाण पत्र

  • धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से शिक्षिका फरार, पंचायत नियोजन समिति ने जारी किया सेवा समाप्ति आदेश

  • चांदन के फूलजोरा प्राथमिक विद्यालय के शिक्षा सेवक बालमुकुंद तुरी का मैट्रिक सर्टिफिकेट अवैध, डीपीओ ने किया चयनमुक्त

  • एक ही दिन में फर्जी कागजात पर बहाल शिक्षिका और शिक्षा सेवक पर गिरी गाज, शिक्षा विभाग में मचा हड़कंप

बाराहाट प्रखंड अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय भूरना कन्या में पदस्थापित नियोजित शिक्षिका कमला देवी के शैक्षणिक दस्तावेजों की जांच निगरानी अन्वेषण ब्यूरो द्वारा की जा रही थी। जांच के दौरान उनके प्रमाण पत्र पूरी तरह फर्जी पाए गए। इस खुलासे के बाद विभाग के निर्देश पर शिक्षिका के खिलाफ बाराहाट थाने में धोखाधड़ी और जालसाजी की धाराओं में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई। केस दर्ज होने की भनक लगते ही आरोपी शिक्षिका स्कूल छोड़कर फरार हो गई और अपने गांव से भी गायब है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

डीईओ के निर्देश पर पंचायत नियोजन समिति ने की सेवा समाप्त

नियोजित शिक्षक होने के कारण नियमानुसार सेवा समाप्ति की अनुशंसा जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) द्वारा पंचायत नियोजन समिति भूरना को भेजी गई थी। डीईओ का पत्र प्राप्त होते ही पंचायत नियोजन समिति के सचिव सह पंचायत सचिव ने सोमवार को आधिकारिक रूप से कमला देवी की सेवा समाप्ति (बर्खास्तगी) का आदेश जारी कर दिया।

चांदन में फर्जी शिक्षा सेवक भी चयनमुक्त

कार्रवाई का दूसरा मामला चांदन प्रखंड से सामने आया है। यहां प्राथमिक विद्यालय फूलजोरा में कार्यरत शिक्षा सेवक बालमुकुंद तुरी के प्रमाण पत्रों को लेकर स्थानीय निवासी मंटू रजक ने विभाग से लिखित शिकायत की थी। शिकायत के आधार पर डीपीओ (साक्षरता) ने बालमुकुंद से मूल शैक्षणिक कागजात प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वह जांच के लिए उपस्थित ही नहीं हुआ। विभागीय जांच में स्पष्ट हुआ कि उसका मैट्रिक का प्रमाण पत्र किसी मान्यता प्राप्त वैध बोर्ड से निर्गत नहीं है। इसके बाद डीपीओ ने चयन समिति और विद्यालय प्रधान को आदेश जारी कर बालमुकुंद तुरी को तत्काल चयनमुक्त कर दिया।