यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 28, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
BSSC Paper Leak: बांका में पोस्टेड वनरक्षी को गिरफ्तार कर पटना लाई EOU की टीम, आरोपी के मोबाइल में मिले सबूत
BSSC Paper Leak Case आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की टीम ने बिहार कर्मचारी चयन आयोग (बीएसएससी) की परीक्षा के प्रश्नपत्र ...और पढ़ें

कटोरिया (बांका), संवाद सूत्र: आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की टीम ने बिहार कर्मचारी चयन आयोग (बीएसएससी) की परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले में बांका जिले के सूईया थाना क्षेत्र में पदस्थापित वनरक्षी (सिपाही) रविंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। टीम आरोपी को अपने साथ पटना ले गई है।
इस संबंध में सूईया थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि बिहार कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक कांड में वनरक्षी रवींद्र कुमार की संलिप्तता सामने आई है। उसके आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया है।जानकारी के अनुसार, बुधवार को आर्थिक अपराध इकाई की दो सदस्यीय टीम ने बांका जिले के सुइया थाना पहुंची। वहां थाने की पुलिस के सहयोग से सूईया वन रेंज में पदस्थापित वनरक्षी (सिपाही) रविंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी दल का नेतृत्व आर्थिक अपराध इकाई पटना के एसआइ सुमित कुमार कर रहे थे।
चार महीने पहले ही सूईया में हुई थी पोस्टिंग
रवींद्र सुपौल जिले के जोल्हनिया गांव के अशोक मंडल का पुत्र है। चार महीने पहले आरोपी वनरक्षी की पदस्थापना सूईया में हुई है। थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि बिहार कर्मचारी चयन आयोग परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक कांड में मोबाइल पर वनरक्षी रवींद्र कुमार की कांड के सदस्यों के साथ बातचीत का प्रमाण मिला है। उसके आधार पर टीम ने वनरक्षी को गिरफ्तार कर पटना ले गई।
ज्ञात हो कि 23 एवं 24 दिसंबर को बिहार कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षा ली गई थी। परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने के बाद ईओयू ने यह कार्रवाई की है। इसी के साथ बिहार कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक कांड का तार बांका से भी जुड़ गया है।
